बाढड़ा उपमंडल के बड़राई गांव में काम से घर लौट रहे एक श्रमिक को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुखबीर उम्र 44 साल की मौके पर ही मौत हो गई। बाढड़ा थाना पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया और उसके चाचा के बयान पर अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में बड़राई निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उसका भतीजा सुखबीर पेशे से श्रमिक था। सोमवार शाम करीब साढ़े 8 बजे वो गोगा मेडी मंदिर से घर की तरफ आ रहा था। उसी दौरान रास्ते में एक कार ने उसे टक्कर माक्दी। हादसे में सुखबीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। बाढड़ा थाना पुलिस ने सुखबीर के शव को कब्जे में लेकर दादरी नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मंगलवार को पुलिस ने कागजी कार्यवाही पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, हादसे के बाद मौके से वाहन समेत फरार होने वाले चालक पर केस दर्ज किया गया है।