दादरी शहर में स्थित 100 वर्ष पुरानी काठ मंडी के दुकानदारों, ग्राहकों व राहगीरों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। काठ मंडी की मुख्य सड़क की उखड़ी हुई टाइलें, टूटी पानी निकासी की ग्रिल व सार्वजनिक शौचालय की कमी दुकानदारों, ग्राहकों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई हैं। वहीं पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण दुकानों के सामने खड़े होने वाले वाहन दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से काठ मंडी में सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की है ताकि यहां आने वाले लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। बता दें कि दादरी की काठ मंडी में करीब 200 दुकानों पर लकड़ी व लोहे से संबंधित कारोबार होता है। मंडी में खरीदारी करने के लिए दादरी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से हर रोज 500 से अधिक ग्राहक पहुंचते हैं। काठ मंडी की करीब आधा किलोमीटर लंबी सड़क की हालत काफी खस्ता बनी हुई है। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले राहगीर व वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। दशकों पुरानी काठ मंडी में सार्वजनिक शौचालय न होने से दुकानदारों, ग्राहकों व अन्य लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। इनके अलावा बरसाती पानी की निकासी के लिए बिछाई गई पाइपलाइन पर लगाई गई ग्रिल भी जगह-जगह टूटी हुई है। इनसे बने गड्ढे हादसों का सबब बने हुए हैं। मंडी में आपूर्ति होने वाला पेयजल भी दूषित होता है।