हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिंगापुर पहुंच गए। वे 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम के तहत कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक तकनीक का अवलोकन करेंगे। शाम को सिंगापुर बिजनेस फोरम द्वारा आयोजित डिनर कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रमुखों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे।देर शाम मुख्यमंत्री हरियाणा में प्रस्तावित जंगल सफारी प्रोजेक्ट के मद्देनजर सिंगापुर सफारी का भी अवलोकन करेंगे। हरियाणा सरकार गुरुग्राम-नूंह क्षेत्र में एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।इस दौरे का मुख्य उद्देश्य निवेश, तकनीकी सहयोग, औद्योगिक साझेदारी और कौशल विकास के नए अवसरों को तलाशना है। मुख्यमंत्री लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर्स, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs), एविएशन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर देंगे।SING फोरम के दौरान वे उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ राउंडटेबल चर्चाओं में भाग लेंगे तथा संभावित निवेशकों से एक-एक मुलाकात भी करेंगे। हरियाणा की औद्योगिक नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल कार्यबल और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर की संभावनाओं को उनके सामने रखा जाएगा।