चंडीगढ़ में निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद आज से 30 हजार निकाय कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान व नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मांगों को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीना के साथ वार्ता हुई। वार्ता में सीवरेज से संबंधित ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, सीवरेज से संबंधित सभी ठेके समाप्त करने, सीवरेज कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन 30 हजार देने, गुरुग्राम के 3480 कर्मचारियों को दोबारा से नाैकरी पर रखने व 26 आंदोलनकारियों की बर्खास्तगी को तुरंत वापस लेने जैसी मांगें रखी गईं। शास्त्री ने बताया कि विभाग के सचिव ने प्रदेश में चलाए जा रहे सफाई अभियान का हवाला देकर हड़ताल को वापस लेने की अपील की लेकिन निकाय कर्मचारियों ने मांगों को लेकर ठोस कार्रवाई की मांग की। वार्ता विफल रही। शास्त्री ने बताया कि लंबे समय से आश्वासन दिए जा रहे हैं इसलिए अब आंदोलन का ही रास्ता बचा है। वार्ता के दाैरान निकाय विभाग के अतिरिक्त निदेशक वाईएस गुप्ता के अलावा कई कर्मचारी नेता शामिल रहे।