11 वर्षों से हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी के कारण लटके संगठन विस्तार को पूरा करने के लिए बुधवार को कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में हरियाणा के 18 वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। इसमें कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी रहे।करीब तीन घंटे चली बैठक में राहुल ने गुटबाजी पर वरिष्ठ नेेताओं को नसीहत दी। कहा-सभी पहले पार्टी का हित देखें, फिर अपनी निजी राय को तवज्जो दें। हम सभी को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत दिशा में लेकर जाने का संकल्प पूर्ण करना है। भविष्य में कोई भी एकजुटता नहीं दिखाता तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि संगठन विस्तार के दौरान किसी भी वरिष्ठ नेता की पर्यवेक्षकों पर सिफारिश नहीं चलेगी।