फतेहाबाद में प्रदूषण से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। आठ दिन बीतने के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 338 तक पहुंच गया है।जहरीली हवा अब लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। गले में खराश, दर्द और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें आ रही हैं। ईएनटी की ओपीडी में गले के उपचार के लिए मरीज पहुंच रहे हैं। अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। प्रशासन का दावा है कि पराली जलाने के मामलों में पिछले वर्षों के मुकाबले 70 से 80 फीसदी तक कमी आई है। हालांकि, वीरवार को पराली जलाने के दो नए मामले भूना और रतिया क्षेत्र के कलोठा गांव में सामने आए। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जयप्रकाश ने प्रदूषण से बचने के लिए मास्क लगाने और गर्म पानी से गरारे करने की सलाह दी है। छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा ने अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने को कहा। हरसेक के अनुसार, जिले में अब तक पराली जलाने के 14 मामले दर्ज हुए हैं। नगर परिषद ने 45 लाख रुपये की स्मॉग गन से शुक्रवार को शहर में पानी का छिड़काव करवाया।