हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के लिवान गांव में महज एक छोटी सी बात पर साथी कर्मचारी का पक्ष लेना एक व्यक्ति को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरिशंकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे। हरिशंकर पिछले कुछ समय से सोनीपत के लिवान गांव में ही रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हाल ही में कंपनी में काम करने वाले एक स्थानीय युवक का किसी बात को लेकर किसी से विवाद हो गया था। इस झगड़े के दौरान हरिशंकर ने बीच-बचाव करते हुए गांव के उसी युवक का पक्ष ले लिया था। आरोप है कि इसी बात से दूसरा पक्ष रंजिश रखने लगा और अंदर ही अंदर गुस्सा पाल बैठा।विवाद उस समय और बढ़ गया जब काम खत्म होने के बाद हरिशंकर अपने घर पहुंचे। आरोप है कि कुछ देर बाद ही हमलावर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पर आ धमके। उन्होंने आते ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने हरिशंकर को इस कदर पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।