रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में अग्रसेन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय संपूर्ण रामलीला महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के पांचवें दिन श्रवण लीला, दशरथ परलोक गमन और चित्रकूट में राम-भरत मिलाप के मार्मिक दृश्यों का मंचन किया गया। इन भावपूर्ण प्रसंगों को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कमेटी के प्रधान विजय बंसल टैणी और प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भिवानी की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखना और युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ना है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और अच्छे संस्कारों को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। रामलीला के प्रसंग समाज को प्रेम, त्याग, भाईचारे और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं।