भिवानी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोहारू शहर में जगह-जगह जमा कूड़े-कचरे के ढेरों से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर गोरक्षादल लोहारू एवं सनातन हिंदू जागृति संगठन ने उपमंडल अधिकारी नागरिक लोहारू मनोज दलाल को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने प्रशासन से शहर में सफाई व्यवस्था शीघ्र बहाल करवाने तथा गोमाता और आमजन को गंदगी से उत्पन्न होने वाले खतरे से बचाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सड़कों, मुख्य गलियों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। लंबे समय से पड़े कचरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जगह-जगह फैली गंदगी और दुर्गंध से भी आमजन परेशान हैं। संगठनों ने कहा कि सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि कचरे के ढेरों में भोजन की तलाश में बड़ी संख्या में गोमाता पहुंच रही हैं और सड़े-गले कचरे के साथ पॉलीथिन, प्लास्टिक एवं अन्य हानिकारक सामग्री खा रही हैं। इससे गोमाता के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि कचरे में मौजूद पॉलीथिन और जहरीली सामग्री पशुओं के लिए बेहद नुकसानदायक है, इसलिए प्रशासन को इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।