संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। हरियाणा के सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं को जैन-जी, नेपाल व अफगानिस्तान का उदाहरण देकर बरगलाने का काम कर रही है। यह बात उन्होंने हरियाणा कला परिषद द्वारा सूर्य कवि लखमीचंद आश्रम में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने हरियाणा की सांस्कृतिक कलाओं सांग, रागिनी, गीत के मंचन को सुना व देखा तथा हरियाणा की संस्कृति को आगे बढ़ान वाले कलाकारों की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में भाग लिया। कृष्ण बेदी ने कहा कि सूर्य कवि दादा लखमीचंद ने जो हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उसी को आज उनकी तीसरी व चौथी पीढ़ी आगे बढ़ा रही है तथा आज प्रदेश भर से जुटे हरियाणवी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां इस कार्यक्रम में दे रहे है। यह हरियाणा की संस्कृति के लिए गौरव की बात है। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि एसआईआर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है। जबकि एसआइआर के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो व्यक्ति दूसरे राज्यों में चले गए है या गांव छोडक़र शहर में आ गए है या एक बेटी गांव से ससुराल जा चुके है, उनकी वोट को काटकर 18 साल की आयु पूरी कर चुके नए युवाओं के वोट बनाए जा रहे है तथा जो व्यक्ति जहां रहते है, वोट शुद्धिकरण किया जा रहा है। इससे मतदाताओं का लोकतंत्र में विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देश के केंद्रीय शिक्षा बजट से अधिक देश का युवाओं का कोचिंग पर अधिक बजट लगता है के आरोप पर कृष्ण बेदी ने कहा कि राहुल गांधी कही से भी आंकड़े उठाकर जोड़ देते है। राहुल सहित विपक्षी दलों के नेता राज्यसभा व विधानसभा व संसद में आंकड़ों के साथ बातचीत करने पर सदन छोड़कर बाहर चले जाते है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कनाड़ा, अमेरिका व चाइना में जाकर देश विरोधी बयान देते है।