भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गाेरक्षकों की पैरवी कर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही कांग्रेस को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पड़ोसी मुल्कों के हाल देख ले। संवैधानिक संस्थाओं से भरोसा उठाना देश के लिए घातक होगा। सासंद चौधरी धर्मबीर सिंह पुलिस लाइन के सामने रेलवे पुल के नीचे गोरक्षकों अपने निजी कोष से एंबुलेंस भेंट करने पहुंचे थे। इस दौरान महंत अशोक गिरी व पशुपालक विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सहित दर्जनों गोरक्षक मौजूद रहे। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि गोरक्षक अपने परिवार से ज्यादा दिन रात बेसहारा पशुओं की सेवा में निः स्वार्थ लगे रहते है। ये पशुपालन विभाग के कर्मचारी से भी ज्यादा एक डॉक्टर के रूप में सेवा करते हैं। सांसद ने कहा कि इन्हें सम्मान के साथ पशुपालन विभाग में मर्ज़ कर मासिक वेतन और बेसहारा पशुओं को रखने के लिए गोशाला की तरह जमीन मिलनी चाहिए। वहीं, चुनाव आयोग के खिलाफ उतरी कांग्रेस को सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने नसीहत दी और कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास ना करना घातक होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारे पड़ोसी देशों का हाल देख ले, जहां क़ब्ज़ा किसी का और कुर्सी पर कोई है। यही नहीं, मिडिल ईस्ट के देशों का हाल इनसे भी बूरा है। उन्होंने कहा कि हर पार्टी को इन बातों की बजाय देश के बारे में सोचना चाहिए। हमारे देश से बेहतर लोकतंत्र किसी देश में नहीं। इस व्यवस्था को खराब किया तो कोई सुरक्षित नहीं रहेगा। पहले हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा और अब यूपी की पूर्व सीएम मायावती द्वारा ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव करवाने की मांग पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि ईवीएम कांग्रेस राज में आई, अब वही विरोध क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इतिहास में नहीं जाना चाहते, पर जब बैलेट पेपर से चुनावों होते थे, तब बहुत गड़बड़ और दंगे होते थे।