स्थानीय जैन चौक स्थित तिलक भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नायब सैनी सरकार के दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल, कुशासन और वादाखिलाफी से भरा करार दिया है। पत्रकार वार्ता को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने संबोधित करते हुए सरकार को हर मोर्चे पर घेरते हुए जनता के साथ धोखाधड़ी करने के तीखे आरोप लगाए। पत्रकार वार्ता में डा. अशोक तंवर ने भाजपा के 2024 के चुनावी संकल्प पत्र के वादों की पोल खोलते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव के समय युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां देने का बड़ा वादा किया था। परंतु आज धरातल पर भर्तियों का बेहद बुरा हाल है और पूरे प्रदेश में पेपर लीक का बोलबाला है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के लंबे-चौड़े दावे करने वाली यह सरकार पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है। महिला कल्याण और अन्य बुनियादी योजनाओं पर बोलते हुए डा. तंवर ने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र किया और कहा कि महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा कर चुनावों में वोट तो हासिल कर लिए गए, लेकिन अब तरह-तरह की जटिल शर्तें और पात्रता नियम थोपकर लाभार्थियों को इस योजना से बाहर किया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रति परिवार 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस के वादे भी पूरी तरह कागजी घोषणा साबित हुए हैं। गरीबों को 5 लाख नए आवास देने और कांग्रेस कार्यकाल में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों की कॉलोनियों को नियमित करने के मोर्चे पर भी यह सरकार पूरी तरह विफल रही है। वहीं उन्होंने अन्नदाता किसानों के मुद्दों को उठाते हुए नेताओं ने कहा कि 24 फसलों पर एमएसपी का दावा करने वाली सरकार की मंडियों में आज बाजरा, धान, गेहूं और सरसों लेकर पहुंचने वाला किसान अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए नेताओं ने कहा कि जब पूरा हरियाणा बिजली-पानी की गंभीर किल्लत और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है, तब मुख्यमंत्री अपनी जनता की समस्याओं को दरकिनार कर पंजाब, बिहार के दौरों और विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं।