भिवानी। थाना लोहारू क्षेत्र में खेत में हुए विवाद के बाद एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने खेत में मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से हत्या का अभियोग दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला मंजू ने बताया कि उसका पति सुनील मेहनत-मजदूरी का काम करता था। शिकायत के अनुसार 21 सितंबर को सुनील, जगदीश के गांव झाझड़ा टोड़ा के खेत में जाटी झाड़ने के लिए गया था। दोपहर के समय सुनील घर वापस आया तो उसने परिजनों को बताया कि खेत में जगदीश के साथ उसका विवाद हो गया था और उसके साथ मारपीट की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद सुनील का उपचार परिजनों द्वारा अपने स्तर पर घर पर ही कराया जाता रहा। 24 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे सुनील अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे निजी साधन से उपचार के लिए सीएचसी लोहारू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि उसकी मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। वहीं जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक सोमवीर ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।