भिवानी। लोहारू बार में हरियाणा उच्च न्यायालय की बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी, पंजाब एवं तथा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विनोद शर्मा भारद्वाज तथा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट एवं जिला भिवानी के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस कुलदीप तिवारी ने लोहारू न्यायिक परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बनाए जाने वाले नए अतिरिक्त चैंबरों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर तीनों न्यायाधीशों ने न्यायिक परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि लोहारू में नए चैम्बरों का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है, जिससे यहां के अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश कोई भगवान नहीं होते, बल्कि वे भगवान की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करने वाले सामान्य इंसान हैं। न्यायिक अधिकारियों की तरह ही अधिवक्ताओं के लिए भी अच्छे और सुविधाजनक चैम्बरों का होना आवश्यक है, ताकि उन्हें कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने में न्यायाधीशों के साथ-साथ अधिवक्ताओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।