अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफ लाइन पंजीकरण खुलने पर अंबाला छावनी के जेएंडके बैंक के बाहर मंगलवार जमकर हंगामा हुआ। सैकड़ों की संख्या में भक्त बैंक के बाहर पहुंच गए और पहले पंजीकरण करवाने के लिए भक्तों में ही धक्का-मुक्की हो गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए कर्मचारियों ने बैंक का गेट बंद कर पुलिस को बुलाया। लेकिन भक्तों व पुलिस के बीच भी जमकर नोंकझोंक हो गई। आखिर में पुलिस मुलाजिमों ने भक्तों की पंजीकरण के लिए लाइनें लगवाकर व्यवस्था बनाई। बाद में पुलिस पहरे के बीच पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। इस बीच भक्तों ने बम बम भोले के भी जयकारे लगाए। वहीं भक्तों का कहना था कि वह सुबह 10 बजे से ही बैंक में पहुंच गए थे। बाद में पता चला कि पंजीकरण दोपहर तीन बजे से होगा। घंटों धूप में खड़े होने के बाद नंबर आने लगा तो धक्का-मुक्की हो गई। आरोप लगाए कि बैंक के कर्मचारी पंजीकरण देरी से कर रहे हैं। दरअसल, अमरनाथ यात्रा को लेकर पंजीकरण 14 अप्रैल से शुरू हो गया था। लेकिन सोमवार को बैंक बंद था।