चंडीगढ़-दिल्ली रेल खंड का रविवार को रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी विशेष ट्रेन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर भी कुछ देर के लिए रुकी। उनकी सुरक्षा को लेकर स्टेशन पर आरपीएफ के साथ जीआरपी की टीम भी तैनात रही। लगभग 10 मिनट के बाद उनकी ट्रेन दिल्ली की तरफ रवाना हो गई। रेल राज्य मंत्री ट्रेन के अंतिम डिब्बे में बैठे थे और यहां से वो एक कांच की खिड़की के माध्यम से रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे। हालांकि इस दौरान वो ट्रेन से नीचे नहीं उतरे। लेकिन उनकी सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी ट्रेन के ईद-गिर्द घेरा बनाकर खड़े रहे। प्राप्त जानकारी अनुसार चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू लगातार दौरे कर रहे हैं ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशन मिल सके। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के निर्माण का कार्य रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा करवाया जा रहा है और इस पर लगभग 462 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस वर्ष अक्टूबर तक स्टेशन के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।