बारिश रूकने के बाद मेयर सैलजा संदीप सचदेवा ने रविवार को मॉडल टाउन और करतार नगर के जलमग्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेयर सचदेवा ने नालों में जमी सड़ी-गली गंदगी, शराब की बोतल और दुर्गंध भरी दुर्दशा को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद निगम कर्मचारियों को सफाई करने के निर्देश दिए। साथ ही वहीं मौके पर खड़े होकर सफाई भी करवाई। मेयर सैलजा संदीप सचदेवा ने कहा कि नाले नगर की नसें हैं, अगर यह अवरुद्ध हो जाएं, तो पूरा शरीर जलभराव और बीमारी का घर बन जाता है। विशेषकर उन्होंने मॉडल टाउन में उन दुकानदारों को आड़े हाथों लिया, जिन्होंने बरसाती नालों के ऊपर अवैध रैंप और अतिक्रमण किया है। मेयर ने कहा कि यदि नागरिक स्वयं नालों से अतिक्रमण नहीं हटाते तो निगम उसे नियमानुसार ध्वस्त करेगा और भविष्य में जलभराव की जिम्मेदारी उनके सिर होगी।