अंबाला सिटी। धूलकोट में अवैध रूप से बन रही तीन मंजिला इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे पर हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कड़ा रुख अपनाया है। छह मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध निर्माण करने वालों और उन्हें शह देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कैबिनेट मंत्री अनिल विज के सामने मृतकों के परिजनों ने हंगामा भी किया और भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्हें देर रात इसकी जानकारी मिली, जिसके तुरंत बाद वह सिविल अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों का हालचाल जानने पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रम कानूनों के तहत मृतकों के आश्रितों और घायलों को पूरा मुआवजा दिलाया जाएगा। 'तीन बार सरकार को लिख चुका हूं पत्र' अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा, "मैं पहले ही सरकार को तीन बार पत्र लिखकर ऐसे अवैध निर्माणों पर नकेल कसने की मांग कर चुका हूं। लेकिन भू-माफिया की लॉबी इतनी मजबूत है कि वे कार्रवाई होने ही नहीं देते।" लापरवाह निगम अधिकारियों पर भी कसेगा शिकंजा पूर्व मंत्री ने स्थानीय नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि संज्ञान में आया है कि स्थानीय लोगों ने पहले ही नगर निगम को इस अवैध निर्माण की सूचना दे दी थी। अधिकारी मौके पर आए भी, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं रोका गया। विज ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि चाहे वह अवैध कॉलोनी काटने वाला हो, बिना नक्शे के तीन मंजिला इमारत खड़ा करने वाला मालिक हो या फिर निगरानी में लापरवाही बरतने वाले निगम अधिकारी—सबके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। जनता की जान हमारे लिए बेहद कीमती है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।