अंबाला। धान की फसल कटाई के बीच मंडियों में गेट पास न कटने और खरीद सीमा घटाने से आक्रोशित किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। हरियाणा किसान-मजदूर मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के आह्वान पर रविवार को कैंट के मोहड़ा स्थित अनाजमंडी में मार्केट सचिव कार्यालय के समक्ष किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। बीकेयू प्रवक्ता मंजीत सिंह ने कहा कि किसानों ने महीनों पहले मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया था, लेकिन मंडियों में फसल पहुंचने के बावजूद सत्यापन न होने से गेट पास अटके पड़े हैं। इसके अलावा धान खरीद की सीमा 30-33 क्विंटल से घटाकर 24 क्विंटल प्रति एकड़ करना किसानों पर सीधा अत्याचार है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पोर्टल की खामियों को दूर कर 24 क्विंटल की कैपिंग तुरंत नहीं हटाई, तो किसान-मजदूर मोर्चा से जुड़े 15 संगठन मिलकर राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।