जामिया मिल्लिया इस्लामिया के जम्मू एंड कश्मीर गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने मेस में खराब गुणवत्ता का खाना परोसे जाने के विरोध में धरना देकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देर रात बृहस्पतिवार को शुरू हुआ और प्रशासन द्वारा मेस का वेंडर बदलने सहित दूसरी मांगों के मानने पर तड़के तीन बजे खत्म हुआ। प्रदर्शन बढ़ता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि उन्हें हॉस्टल की डाइनिंग व्यवस्था में परोसे जाने वाले भोजन में मक्खियां, कीड़े और अन्य कीट मिल रहे है। इस प्रदर्शन को लेकर जामिया के एक अधिकारी ने कहा कि दो दिन पहले चावल में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया था।
जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई के लिए उचित कदम उठाए। अब अचानक से दो दिन बाद प्रदर्शन करना समझ नहीं आ रहा है। ऐसा लगता है कि यह प्रदर्शन किसी साजिश के तहत किया गया है। दिल्ली में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। ऐसे में जामिया की छवि को खराब करने का यह प्रयास है। इसके अलावा हॉस्टल की मेस कमेटी में छात्र होते है। उनके द्ववारा ही रोजाना खाने को लेकर मैन्यु तैयार होता है।