शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने जरूरतमंद छात्रों के फीस संबंधी आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर(डीएसडब्ल्यू) ने इस वर्ष के लिए फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम(एफएसएस) की घोषणा कर दी है। इसके तहत पात्र छात्रों को फीस में अधिकतम 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। डीएसडब्ल्यू के एक अधिकारी के अनुसार स्कीम के तहत जिन छात्रों की पारिवारिक सालाना आय चार लाख रुपये तक है उनको फीस में 100 फीसदी की माफी मिलेगी। हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 15 हजार रुपये तय की गई है। जबकि चार लाख से अधिक और आठ लाख रुपये तक पारिवारिक आय वाले छात्रों को फीस में 50 फीसदी तक की छूट मिलेगी। इसकी अधिकतम सीमा 10 हजार रुपये रहेगी। इस स्कीम का लाभ डीयू के विभागों, संस्थानों और केंद्रों में पढ़ने वाले रेगुलर यूजी-पीजी के बोनाफाइड छात्र उठा सकेंगे। जबकि कॉलेजों, बीटेक (सीआईसी को छोड़कर), पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ, एसओएल और एनसीवेब के छात्र स्कीम के दायरे में नहीं होंगे।