गुरुग्राम के खांडसा सब्जी मंडी के कारोबारियों, किसानों और आढ़तियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर की प्रमुख सब्जी मंडियों में शामिल खांडसा मंडी के कायाकल्प के लिए करीब 17.94 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर खर्च किए जाएगे। करीब 50 साल पहले स्थापित इस मंडी में बढ़ते कारोबार और दबाव के चलते सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। मार्केट कमेटी के चेयरमैन मान सिंह ने कहा कि विधायक मुकेश शर्मा मंडी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके प्रयासों से करीब 50 साल बाद खांडसा मंडी में विकास कार्यों की शुरुआत का रास्ता साफ हुआ है। वहीं, मार्केट कमेटी के कार्यकारी अधिकारी यदुराज यादव ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और कारोबार के विस्तार के कारण मंडी में आधारभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है। मंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन का निर्माण भी चल रहा है। मंडी में काम करने वाले मजदूरों, किसानों और व्यापारियों को 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। खाड़सा रोड स्थित मंडी में विकास कार्यों की घोषणा स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा की ओर से आयोजित विकसित गुरुग्राम रैली में मुख्यमंत्री ने की थी। प्रस्तावित कार्यों में बड़े कवर शेड बनाने, सड़कों का निर्माण, नई सीवरेज लाइन बिछाने और बारिश के पानी की निकासी के लिए स्ट्रॉम वाटर लाइन डालने जैसे काम शामिल हैं। मंडी में करीब चार एकड़ जमीन लगभग पांच दशक से खाली पड़ी है। अब इस जमीन को कंकरीट से पक्का किया जाएगा।