गुरुग्राम में सवा महीने से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार की रात को खत्म हो गई थी। इसके बाद नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। हड़ताल के कारण शहर में चार लाख टन से अधिक कूड़ा जमा हो गया था। निगम आयुक्त के अनुसार, सड़कों, गलियों और अन्य स्थानों पर जमा कूड़े को हटाने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। गुरुग्राम में रोजाना करीब 1200 टन कूड़ा निकलता है। हड़ताल के दौरान कूड़ा उठान प्रभावित होने से शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लग गए थे। प्रदेश सरकार द्वारा शुक्रवार रात सफाई कर्मचारियों की सभी मांगें मान लिए जाने के बाद कर्मचारी ड्यूटी पर लौटे। नगर पालिका संघ के जिला अध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि व्यवस्था सामान्य करने के लिए अगले एक महीने तक विशेष अभियान चलेगा। इस अभियान में कर्मचारी नियमित सफाई के साथ जमा कूड़े का उठान करेंगे। निगम ने सभी 36 वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए स्वच्छता अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी है।