गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड नेशनल हाईवे की राह में जाम का रोड़ा बने सुभाष चौक पर यातायात सुगम करने की तैयारी तेज हो गई है। चौक की सर्विस रोड को चौड़ा करने के लिए एक निजी स्कूल की जमीन लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हाईवे की सर्विस रोड के दोनों ओर सड़क चौड़ी की जाएगी। इसके साथ ही मुख्य कॉरिडोर के बीच से गुजर रही गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की मास्टर सीवर लाइन को भी सर्विस रोड पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए टिकरी गांव में 0.1157 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहीत करने के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिसूचना जारी कर दी है।