गुरुग्राम। राजस्व विभाग के नए पोर्टल और डिजिटल क्रॉप सर्वे में आ रही तकनीकी दिक्कतों के विरोध में दी रेवेन्यु पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। एसोसिएशन ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन के जिला प्रधान सतपाल यादव ने बताया कि जमाबंदी और इंतकाल के लिए लागू किए गए नए पोर्टल में पिछले चार महीनों से रिकॉर्ड में अनियमितताएं और तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं। इससे राजस्व कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रिकॉर्ड संबंधी काम के लिए लोगों को बार-बार तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे पटवारियों और आमजन के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है।