गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित हीरो होंडा फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक साल बाद भी कोई निर्णय नहीं ले सका है। फ्लाईओवर का जयपुर से गुरुग्राम की ओर आने वाला हिस्सा पिछले साल दो जनवरी को क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद एनएचएआई ने इसकी तकनीकी जांच केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) से कराई थी। सीआरआरआई की टीम ने जांच के बाद एनएचएआई को सौंप दी थी। रिपोर्ट में फ्लाईओवर की बड़े पैमाने पर मरम्मत किए जाने की जरूरत बताई गई थी। क्षतिग्रस्त हिस्से को फिलहाल बैरिकेड लगाकर सुरक्षित किया गया है। इसके कारण फ्लाईओवर की एक लेन बंद है। हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण एक लेन बंद रहने से यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहन चालकों को कई बार धीमी गति से निकलना पड़ता है।