हरियाणा सरकार पर 13 मई को कर्मचारियों से हुए समझौते को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए नगर निगम कर्मचारियों ने सोमवार को 19वें दिन भी हड़ताल जारी रखी। भारी बारिश के बीच कर्मचारियों ने पुराने नगर निगम कार्यालय से अग्रसेन चौक, शाम रेस्टोरेंट के सामने से होते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सेशन हाउस चौक पर हरियाणा सरकार और ठेकेदारी प्रथा का पुतला दहन किया गया। कर्मचारी मोर चौक और अग्रवाल धर्मशाला चौक होते हुए वापस पुराने निगम कार्यालय पहुंचे।कर्मचारी नेताओं ने सरकार के कथित अड़ियल रवैये, पुलिस दमन और सफाई कर्मचारियों की गिरफ्तारी के विरोध में हड़ताल को 25 और 26 अगस्त तक दो दिन और बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 26 अगस्त तक मांगों के संबंध में आदेश जारी नहीं हुए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जाएगा। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। बारिश और गर्मी के मौसम में इससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत और फायर विभाग के जिला प्रधान साहुन खान ने की, जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने किया। राज्य उपप्रधान बसंत कुमार, फायर विभाग के जिला उपप्रधान जोगिंदर और पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुई सहमति के अनुसार मांगों पर आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।