गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक निर्माण कार्य करा रहा है। इसी चरण में बसई से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली 1.85 किलोमीटर लंबी स्पर लाइन का निर्माण भी तेजी से शुरू हो गया है। इस स्पर लाइन के तहत द्वारका एक्सप्रेसवे के पास मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। जीएमआरएल की योजना स्टेशन पर यात्रियों के लिए वाहन पार्किंग की सुविधा विकसित करने की है, ताकि लोग अपने निजी वाहनों से पहुंचकर मेट्रो का इस्तेमाल कर सकें। इसके अलावा भविष्य में स्टेशन परिसर के आसपास शॉपिंग मॉल विकसित करने की संभावना भी रखी गई है। इससे यात्रियों को आवागमन के साथ खरीदारी की सुविधा भी मिल सकेगी। बसई से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली इस स्पर लाइन से न्यू गुरुग्राम की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।