फरीदाबाद सेक्टर-10 स्थित टीसीसी शिव मंदिर में चोरों ने एक बार फिर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में रखे पांच दानपात्र तोड़कर उनमें जमा करीब 50 से 60 हजार रुपये की दान राशि लेकर फरार हो गए। मंदिर में चोरी की यह चौथी वारदात बताई जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर मंदिर कमेटी के सदस्यों में नाराजगी है। मंदिर कमेटी के सदस्य राम रूप आर्य ने बताया कि चोरी की वारदात रात करीब 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच हुई। सुबह करीब 5 बजे मंदिर के पुजारी राधिका प्रसाद मिश्रा मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के पांचों दानपात्र टूटे हुए थे और उनमें रखी दान की रकम गायब थी। इसके बाद मंदिर के पीछे की तरफ जांच की गई तो पता चला कि चोर पीछे के गेट के ऊपर एडजस्ट फैन लगाने के लिए बनाए गए रास्ते पर लगी खिड़की को तोड़कर मंदिर के अंदर दाखिल हुआ था।