बल्लभगढ़ सेक्टर-3 के पास भगत सिंह कॉलोनी मार्केट में चोरों ने रात के समय करीब 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों की छत पर लगे एसी के कंप्रेसर से कॉपर पाइप काटकर ले गए। चोरी की वारदात का पता दुकानदारों को सुबह दुकान खोलने पर चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दुकानदारों के मुताबिक, चोरों ने सलून, हार्डवेयर, मेडिकल और मोबाइल समेत कई दुकानों के एसी को निशाना बनाया। रात करीब 12 बजे से सुबह चार बजे के बीच चोर मार्केट में घूमते रहे और छतों पर लगे एसी के कॉपर पाइप काटते रहे। इससे कई दुकानों के एसी भी क्षतिग्रस्त हो गए।