नवरात्र और दीपावली से पहले उत्तराखंड में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के सधीपुर गढ़ी में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पर आधी रात को छापा मारा गया। जांच में पामोलिन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाने की बात सामने आई। टीम ने फैक्ट्री सील कर दी और 10 कुंतल मिलावटी सामग्री नष्ट की। आयुक्त ने मिलावट के कारोबार से जुड़े लोगों की सप्लाई चेन ध्वस्त कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।