गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र के कुदरी गांव में एक सफेद रंग का भालू फिर दिखाई दिया है। इससे ग्रामीणों में दहशत के साथ कौतूहल का माहौल है। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने भालू को देखकर उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में सफेद रंग का भालू सड़क किनारे से डोंगरी की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह सफेद भालू पिछले करीब एक साल से विचरण कर रहा है। यह कुदरी और कुड़कई क्षेत्र के आसपास देखा जाता है। ग्रामीण बताते हैं कि भालू अक्सर शाम के समय जंगल से निकलकर गांव के पास पहुंचता है। कुछ देर रुकने के बाद वह वापस जंगल की ओर लौट जाता है। इसकी लगातार मौजूदगी से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, 27 अक्तूबर को इसे गिरारी मुख्यमार्ग पर भी देखा गया था। इससे एक दिन पहले 26 अक्तूबर की शाम ग्राम गिरारी में भी इसकी मौजूदगी सामने आई थी। करीब पांच महीने पहले ग्राम आमाडांड में भी इसे देखा गया था। 30 जुलाई को ग्राम जमड़ीखुर्द में भी संभवतः इसी सफेद भालू की मौजूदगी दर्ज की गई थी।
भालू से भय और ग्रामीणों की मांग
भालू के लगातार आबादी वाले इलाकों के पास पहुंचने से किसानों और राहगीरों में भय बना हुआ है। विशेषकर शाम के समय जंगल की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को जागरूक करने की भी अपील की है।
वन विभाग का आश्वासन
वन विभाग के अधिकारियों ने सफेद भालू दिखाई देने की सूचना मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही, वन्यजीव के नजदीक नहीं जाने की जरूरत पर जोर दिया है।