Update: गाजा युद्ध विराम को लेकर बोले जो बाइडन; UN की टीम जाएगी बांग्लादेश और हसीना की गिरफ्तारी की मांग
रूस की एक अदालत ने अमेरिकी-रूसी नागरिक केसनिया खावाना को कथित तौर पर यूक्रेनी सेना के लिए धन जुटाने के आरोप में 12 वर्ष कैद की सजा सुनाई। उधर,संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएन) के विशेषज्ञों का एक दल अगले सप्ताह बांग्लादेश का दौरा करेगा।
विस्तार
रूस की एक अदालत ने अमेरिकी-रूसी नागरिक केसनिया खावाना को कथित तौर पर यूक्रेनी सेना के लिए धन जुटाने के आरोप में 12 वर्ष कैद की सजा सुनाई। रूसी अधिकारियों द्वारा खावाना को फरवरी में येकातेरिनबर्ग में गिरफ्तार किया गया था। पिछले सप्ताह अदालत में हुई सुनवाई के दौरान खवाना ने अपना दोष स्वीकार किया था।
खावाना ने हासिल की थी अमेरिकी नागरिकता
बताया गया है कि खावाना ने अमेरिका के एक व्यक्ति से शादी करने के बाद अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी। इसके बाद वह लॉस एंजलिस में रह रही थीं। आगे बताया गया है कि खवाना अपने परिवार से मिलने के लिए रूस लौटी थीं। रूस की सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि खवाना ने यूक्रेन के संगठनों को लाभ पहुंटाने के लिए सक्रिय रूप से धन जुटाया। यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने इस धन का इस्तेमाल उपकरण, हथियार और गोला-बारूद खरीदने के लिए किया था।
बांग्लादेश जाएगी यूएन की टीम
संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएन) के विशेषज्ञों का एक दल अगले सप्ताह बांग्लादेश का दौरा करेगा। यह टीम बांग्लादेश में शेख हसीना के इस्तीफे के बाद और पहले हुई हत्याओं की जांच करेगी। वर्ष 1971 में बांग्लादेश के स्वतंत्र होने के बाद ऐसा पहली बार होगा, जब यूएन द्वारा देश में व्यापक मानवाधिकार उल्लंघनों की जांच की जाएगी। यूएन के एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। आपको बता दें कि पूर्व पीएम शेख हसीना के इस्तीफे के बाद आठ अगस्त को मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ ली थी। पांच अगस्त को इस्तीफा देने के बाद शेख हसीना भारत चलीं गईं थीं। इसके बाद बांग्लादेश में आरक्षण के विरोध में हिंसक घटनाएं हुईं, जिनमें कई लोग मारे गए थे।
मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इस बारे में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, अगले सप्ताह बांग्लादेश में संयुक्त राष्ट्र टीम आएगी। इस टीम द्वारा जुलाई और अगस्त महीने की शुरुआत में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच की जाएगी।’ बताया गया है कि यूएन के मानवाधिकार विभाग के प्रमुख वोल्कर टर्क ने बुधवार देर शाम मोहम्मद युनूस को फोन कर इस संबंध में जानकारी दी। शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद बांग्लादेश में अराजकता फैल गई थी। सरकार विरोधी प्रदर्शनों में जुलाई के मध्य से अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
बांग्लादेश में पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी का प्रदर्शन
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी ने देश भर में धरना प्रदर्शन किया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने शेख हसीना और उनके सहयोगियों पर मुकदमा चलाने की मांग की है। बीएनपी ने शेख हसीना और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आपको बता दें कि शेख हसीना ने पांच अगस्त को प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के बीच वे बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं थीं। इसके बाद आठ अगस्त को नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद युनूस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार का गठन किया गया।
देश भर में किया प्रदर्शन
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की ढाका इकाई के कार्यकर्ताओं और समर्थकों बैतूल मुकर्रम मस्जिद के सामने प्रदर्शन किया। इसके अलावा शेख हसीना की आवामी लीग पार्टी के कार्यालयों के सामने भी प्रदर्शन किया गया। पांच अगस्त को शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद बांग्लादेश में हिंसा भड़क गई थी। इन हिंसक प्रदर्शनों में 230 से अधिक लोगों की मौत हो गई। बांग्लादेश में जुलाई से लेकर अबत कर हिंसा में 500 से अधिक लोग मारे गए हैं। उधर, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शेख हसीना और नौ अन्य के खिलाफ हत्या के आरोपों को लेकर जांच शुरू कर दी है।
ब्राजील के राष्ट्रपति का वेनेजुएला को सुझाव
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने गुरुवार को वेनेजुएला में राजनीतिक संकट समाप्त करने के लिए एक सुझाव दिया है। सिल्वा ने कहा कि वेनेज़ुएला के नेता निकोलस मादुरो अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के साथ एक नई चुनाव प्रक्रिया बुला सकते हैं। इससे वेनेजुएला में राजनीतिक संकट का एक संभावित समाधान हो सकता है। लूला ने यह भी कहा कि वेनेज़ुएला के विवादित राष्ट्रपति चुनाव के बाद एक गठबंधन सरकार बनाकर मामले का समाधान निकाला जा सकता है।
श्रीलंका: रानिल विक्रमसिंघे को आवंटित किया गया चुनाव चिह्न
श्रीलंका के चुनाव आयोग ने गुरुवार को राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को गैस सिलिंडर के रूप में चुनाव चिह्न आवंटित किया है। आपको बता दें कि रानिल विक्रमसिंघे अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में उतरेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, यह प्रतीक उन उम्मीदवारों को आवंटित किया जाता है, जो किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। श्रीलंका में 21 सितंबर को राष्ट्रपति चुनाव होगा। बताया गया है कि इस बार कुल 39 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।