World Updates: बांग्लादेश के रामकृष्ण मठ में कुमारी पूजन; कराची विस्फोट की जांच के लिए चीन ने भेजी टास्क फोर्स
सेना की ओर से सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पुराने हिस्से में स्थित रामकृष्ण मठ और मिशन परिसर में शुक्रवार को कुमारी पूजन किया गया। इस दौरान परिसर में लगभग 20,000 हिंदू श्रद्धालु एकत्रित हुए। रामकृष्ण मठ और मिशन के अध्यक्ष स्वामी पूर्णात्मानंद ने बताया कि कुमारी पूजन हिंदुओं की सदियों पुरानी परंपरा है और हमने ढाका में रामकृष्ण मठ में इसका आयोजन किया। यह पवित्रता और अच्छे गुणों का प्रतीक है। उन्होंने कहा, पुलिस के निष्क्रिय होने के चलते हम स्थिति से नहीं निपट सकते थे। हमने सोचा कि इस साल हमें दुर्गा पूजा के दौरान कुमारी पूजा नहीं करनी चाहिए। लेकिन सेना के उप प्रमुख ने आकर हमसे कहा कि हमें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा 'जो भी सैन्य कर्मियों की आवश्यकता होगी, हम प्रदान करेंगे, इसलिए चिंता न करें। आप पूरी संतुष्टि के साथ कुमारी पूजन करें।
कराची विस्फोट की जांच के लिए चीन ने भेजी अंतर-एजेंसी टास्क फोर्स
पाकिस्तान के कराची में हुए घातक आत्मघाती बम हमले में दो चीनी नागरिकों के मारे जाने और एक घायल होने के बाद चीन ने पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) परियोजना में काम करने वाले कई चीनी कर्मियों की सुरक्षा की समीक्षा के लिए एक अंतर-एजेंसी टास्क फोर्स को पाकिस्तान भेजा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, 6 अक्तूबर को कराची में कोयले से चलने वाले बिजली संयंत्र के एक चीनी काफिले पर हमले के बाद, जिसमें चीनी कर्मियों की मौत हो गई और घायल हो गए, चीन ने तुरंत एक अंतर-एजेंसी टास्क फोर्स को पाकिस्तान भेजा है। 8 अक्तूबर को इस्लामाबाद पहुंचने के बाद, टास्क फोर्स तुरंत पाकिस्तान में दूतावास और संबंधित कंपनी के साथ आपातकालीन प्रतिक्रिया में शामिल हो गई। टास्क फोर्स ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय, आंतरिक मंत्रालय और सेना, पुलिस और खुफिया विभागों के प्रमुखों के साथ गहन बैठक की।