वर्ल्ड अपडेट्स: अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत से बंगलूरू में जश्न, बोले- बदलाव की जरूरत थी
अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार दोपहर क्रैश हुआ निजी विमान लियर जेट 60 (Learjet 60 में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई थी। जांच कर रही एजेंसी- नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के सदस्य टॉम चैपमैन के मुताबिक विमान के कुछ हिस्से दुर्घटनास्थल से एक मील दूर बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि विमान की टेल यानी पिछले हिस्से तीन हिस्सों में टूटे मिले। इससे पुष्टि हुई है कि विमान जमीन से टकराने से पहले ही टूटने लगा था। गौरतलब है कि पायलट जेफ ग्रेगरी (55) और 20 वर्षीय सह-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुइरास (Nathalia Gadelha Filgueiras) ने क्रैश से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बर्फ जमने और गंभीर गड़बड़ी की जानकारी दी थी। क्रैश से पहले उन्होंने अंतिम संदेश में कहा था, 'हम मरने वाले हैं!' चिल्लाया। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी हेलेन शार्प और उनके दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। जांच का मुख्य केंद्र बिंदु मौसम में हुए बदलाव हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दुर्घटना की असली वजह जानने में एक साल से अधिक समय लग सकता है।
अफगानियों के निर्वासन पर अमेरिकी न्यायाधीश ने लगाई अस्थायी रोक
न्यूयॉर्क में एक संघीय न्यायाधीश ने मंगलवार को (स्थानीय समय) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की अमेरिका में हिरासत में लिए गए अफगानियों को अफगानिस्तान या पाकिस्तान निर्वासित करने की योजना पर अस्थायी रोक लगा दी। अधिवक्ताओं और कांग्रेस सदस्यों ने उनके जीवन को खतरे की चेतावनी दी थी। न्यायाधीश वी कैपोर्नी का यह आदेश शनिवार को समाप्त होगा, तब तक कोई निर्वासन नहीं होगा। कैलिफोर्निया के प्रतिनिधि स्कॉट पीटर्स और कई अन्य सांसदों ने एक पत्र में कमजोर लोगों को भेजने से उत्पीड़न, यातना या मृत्यु के जोखिम पर चिंता जताई थी। आप्रवासी अधिकार संगठनों ने भी तालिबान से प्रतिशोध की चेतावनी दी है। अमेरिकी सेना की मदद के बाद हजारों अफगानी उत्पीड़न से भाग गए थे। सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि देश के आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन विभाग (ICE) के अधिकारी क्रिस्टोफर जॉर्ज ने भी फिलहाल नागरिकों को न निकाले जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के अंत तक अफगान नागरिकों के निर्वासन के लिए कोई उड़ानें निर्धारित नहीं हैं। सरकार ने यह भी कहा कि ICE ऐसी उड़ानें कई हफ्ते पहले ही बुक कर लेता है।
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत से भारत में रह रहे अमेरिकी नागरिकों में खुशी की लहर है। बेंगलुरु में अमेरिकी नागरिकों ने एक साथ चुनावी नतीजे देखे और इसे बदलाव की शुरुआत बताया। उनका मानना है कि ट्रंप की टैरिफ, इमिग्रेशन और विदेश नीति से जुड़ी नीतियों से आम लोग परेशान थे। चुनाव में अर्थव्यवस्था और महंगाई बड़े मुद्दे रहे। नागरिकों ने कहा कि डेमोक्रेट्स की जीत से अब राष्ट्रपति की नीतियों पर चेक एंड बैलेंस लागू होगा। उन्होंने इसे अमेरिका के लिए जरूरी बदलाव बताया।
नेपाल में झरना देखकर लौट रहे भारतीय पर्यटक की कार नाले में गिरी, पश्चिम बंगाल के 41 वर्षीय युवक की मौत
नेपाल के चितवन जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में भारतीय पर्यटक की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग निवासी 41 वर्षीय सयंतन गयान झलबिरे झरने को देखने के बाद होटल लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी भारतीय नंबर प्लेट वाली कार इच्छाकामना ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में झरने के पास पानी के तेज बहाव वाले नाले में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त कार में केवल सयंतन ही सवार थे। पुलिस ने शव को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
टेक्सास में गवर्नर की हार पर ट्रंप का तंज, बोले- 'RINO' नहीं बनते तो ग्रेग एबॉट चुनाव नहीं हारते
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट की हार पर टिप्पणी की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'अगर ग्रेग एबॉट अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी छह महीनों में RINO नहीं बने होते, तो वह चुनाव नहीं हारते। वह अपने पुराने तरीके पर लौट आए थे और इसका नतीजा अच्छा नहीं रहा।' दरअसल, टेक्सास के गवर्नर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने एबॉट को हराया है। एबॉट चौथी बार गवर्नर बनने की कोशिश कर रहे थे। इस हार के साथ टेक्सास में तीन दशक से ज्यादा समय बाद डेमोक्रेटिक पार्टी की सत्ता में वापसी हुई है।
रूस ने बुधवार रात यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। इसका असर राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में दिखा। कई घंटे तक बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित रही। हालांकि, बाद में दोनों सेवाएं बहाल कर दी गईं। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में 310 ड्रोन दागे। इनमें से 272 को मार गिराया गया या रास्ते में ही निष्क्रिय कर दिया गया। दूसरी ओर, जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में सोमवार को स्कूल और भूमिगत शरणस्थल पर हुए रूसी हमले में मरने वालों की संख्या 37 हो गई है। अधिकारियों को आशंका है कि 38 लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। बचावकर्मी लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। कुछ शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण डीएनए जांच भी कराई जा रही है।
यूक्रेन युद्ध खत्म होने के बाद देश की सुरक्षा और पुनर्निर्माण को लेकर बुधवार को बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में अहम बैठक होने वाली है। इसमें अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, नाटो और यूरोपीय संघ के अधिकारी शामिल होंगे। यूरोपीय आयोग के मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में युद्ध के बाद यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था तैयार करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा युद्ध से तबाह हुए इलाकों के पुनर्निर्माण और शांति के बाद पैदा होने वाले आर्थिक अवसरों पर भी बात होगी। यह बैठक अगले सप्ताह होने वाली अमेरिका की मध्यस्थता वाली नई शांति वार्ता से पहले हो रही है। रूस ने साढ़े चार साल से अधिक समय पहले यूक्रेन पर पूर्ण सैन्य हमला शुरू किया था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को 'ऑर्डर ऑफ प्रिंसेस ओल्गा' के प्रथम श्रेणी सम्मान से नवाजा है। उन्हें यूक्रेन को मानवीय सहायता देने, मानवाधिकारों का समर्थन करने और बच्चों की मदद के लिए किए गए प्रयासों के लिए यह सम्मान मिला है। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, मेलानिया ने रूस के कब्जे वाले ओलेश्की शहर में फंसे लोगों की मदद के लिए छह दिन का युद्धविराम कराने में भी भूमिका निभाई थी। इस दौरान शहर से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए मानवीय अभियान चलाया गया था। साल 2022 के बाद रूस और यूक्रेन के बीच यह सबसे अहम युद्धविराम माना गया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने रातभर में यूक्रेन के 709 ड्रोन मार गिराए। इस बीच रूस के अदिगेया क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण ऑनलाइन खुदरा कंपनी ओजोन के लॉजिस्टिक्स सेंटर में आग लग गई। कंपनी ने बताया कि हमले के बाद केंद्र में आग फैल गई, लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दूसरी ओर, क्रेमलिन ने उम्मीद जताई है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के प्रयास जारी रखेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूस को उम्मीद है कि ट्रंप शांति की कोशिशें जारी रखेंगे। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करने से इन प्रयासों पर असर पड़ने के सवाल पर उन्होंने इसे अमेरिका का आंतरिक मामला बताया।
पूर्व संघीय अभियोजक करेंगी कॉर्नेल गैंग रेप मामले की जांच
न्यूयार्क की अटॉर्नी जनरल लेटिशिया जेम्स ने घोषणा की है कि कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में 2024 में हुए कथित सामूहिक बलात्कार की दोबारा शुरू हुई आपराधिक जांच का नेतृत्व पूर्व संघीय अभियोजक जैकलीन केली करेंगी, जिन्होंने पहले सीन 'डिड्डी' कॉम्ब्स जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों की देखरेख की है। यह जांच एक पूर्व छात्रा द्वारा सितंबर में दायर मुकदमे के बाद शुरू हुई है, जिसमें आरोप है कि अक्टूबर 2024 में एक फ्रेटरनिटी पार्टी के दौरान उन्हें नशीले पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया था। स्थानीय जिला अटॉर्नी द्वारा पहले केस बंद करने पर राज्यपाल कैथी होचुल ने अटॉर्नी जनरल जेम्स को विशेष अभियोजक नियुक्त किया था, जिसके बाद केली और उनकी कानून फर्म की टीम गवाहों और सबूतों की महीनों तक विस्तृत समीक्षा करेगी। दूसरी ओर, मामले के दो पुरुष आरोपियों ने अटॉर्नी जनरल पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की है, जबकि कॉर्नेल विश्वविद्यालय ने भी अपनी यौन उत्पीड़न जांच प्रणाली की समीक्षा के लिए पूर्व उप अटॉर्नी जनरल सैली येट्स को नियुक्त किया है।