फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 2 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi

World: दमिश्क के भीड़भाड़ वाले कैफे में बम धमाका, पांच की मौत; ओहायो मोटल में लगी आग में तीन की मौत

Thu, 02 Jul 2026 01:34 AM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Thu, 02 Jul 2026 01:34 AM IST
विज्ञापन
World Updates Of 2 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सीरिया की राजधानी दमिश्क में गुरुवार को एक भीड़भाड़ वाले कैफे में हुए बम विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी सना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख के हवाले से इसकी पुष्टि की। सरकारी टीवी के मुताबिक, न्याय भवन (पैलेस ऑफ जस्टिस) के पास स्थित कैफे में पहले से बम रखा गया था। विस्फोट के समय कैफे में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद दमिश्क में इस तरह के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
विज्ञापन

 
Trending Videos

ओहायो के मोटल में भीषण आग, तीन की मौत
अमेरिका के ओहायो राज्य के वूस्टर शहर में बुधवार तड़के एक मोटल में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन लोग कमरे में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। दमकल विभाग ने उन्हें बचाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतकों में दो लोग मोटल के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना में कोई अन्य घायल नहीं हुआ। आग लगने के समय मोटल की छत से ऊंची लपटें उठ रही थीं। अन्य कमरों में ठहरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रीस में सत्तारूढ़ पार्टी नेताओं के घरों पर फायरबम हमला, एक महिला की मौत
ग्रीस के थेसालोनिकी शहर में बुधवार तड़के सत्तारूढ़ न्यू डेमोक्रेसी पार्टी के नेताओं के घरों पर तीन फायरबम हमले किए गए। इन हमलों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने गैस सिलेंडर से बने देसी विस्फोटक इस्तेमाल किए। एक कार सत्तारूढ़ पार्टी की पूर्व संसदीय उम्मीदवार अफ्रोदिती नेस्टोरा की थी। वह झुलस गईं, जबकि उनकी मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने घटना की निंदा करते हुए इसे अंधी राजनीतिक हिंसा बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

पूर्व CIA प्रमुख जॉन ब्रेनन ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ अदालत का रुख किया
अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के पूर्व निदेशक जॉन ब्रेनन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के खिलाफ संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। उन्होंने अदालत से मांग की है कि उनके खिलाफ चल रही जांच से जुड़े सभी दस्तावेज सुरक्षित रखने का आदेश दिया जाए। ब्रेनन का कहना है कि उन पर राजनीतिक बदले की भावना से जांच की जा रही है और भविष्य में आरोप लगने की स्थिति में ये रिकॉर्ड उनके बचाव के लिए जरूरी होंगे। न्याय विभाग ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि जांच का राजनीतिक दुरुपयोग नहीं किया जा रहा है।

जमात बोली- भारत से भरोसा व सम्मान चाहता है बांग्लादेश
बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख और संसद में विपक्ष के नेता डॉ. शफीकुर रहमान ने भारत से संबंधों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा बांग्लादेश, भारत के साथ परस्पर विश्वास, समानता और सम्मान के आधार पर द्विपक्षीय संबंध बनाए रखना चाहता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि तीस्ता मास्टर प्लान समेत बांग्लादेश के आंतरिक परियोजनाएं उसके अपने संप्रभु मामले हैं और इसमें किसी बाहरी हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं है। वह ढाका में बांग्लादेश संसद भवन में एक बैठक के बाद बोले, भारत का हम सम्मान करते हैं।

पीएम रहमान की चीन से चर्चा
रहमान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश की ओर से तीस्ता नदी के प्रबंधन के लिए तीस्ता मास्टर प्लान पर आगे बढ़ने की उम्मीद है। भारत और बांग्लादेश के बीच बहने वाली इस नदी की परियोजना को लेकर पीएम तारिक रहमान ने चीन से सहयोग पर चर्चा भी की।
 

जिनपिंग ने सेना को उन्नत बनाने  की प्रक्रिया में तेजी के दिए निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को सेना को निर्देश दिया कि वे चीन की संप्रभुता और विकास के हितों की रक्षा के लिए अपनी क्षमताओं को विश्व-स्तरीय मानकों तक ले जाने के लक्ष्य में तेजी लाएं। शी, चीनी सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी), सेना और राष्ट्रपति पद के प्रमुख हैं। उन्होंने पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ के मौके पर कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी अपनी आधुनिकीकरण प्रक्रिया को तेज करे। शी ने 2027 में सेना की 100वीं वर्षगांठ के लिए तय लक्ष्यों को हासिल करने और सशस्त्र बलों की क्षमताओं को विश्व-स्तरीय मानकों तक ले जाने का आह्वान किया। इसे हथियारों व उपकरणों में अमेरिकी मानकों सेे बराबरी के तौर पर देखा जा रहा है।

ताइवान को एकीकृत करने का संकल्प
शी जिनपिंग ने ताइवान को चीनी मुख्य भूमि के साथ एकीकृत करने के चीन के अटल संकल्प के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ताइवान के मुद्दे को सुलझाना और चीन का पूर्ण एकीकरण हासिल करना सीपीसी के लिए ऐतिहासिक मिशन व अटल संकल्प है। उन्होंने ताइवान की स्वतंत्रता चाहने वालों से लड़ने, बाहरी दखल का विरोध करने और राष्ट्रीय एकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत कदम उठाने का संकल्प लिया।

कंसास प्रांत में अचानक आई बाढ़ भारतीय आईटी पेशेवर की मौत
अमेरिका के कंसास में अचानक आई बाढ़ में 33 वर्षीय एक भारतीय आईटी पेशेवर वेंकटेश डोप्पलापुडी का वाहन बह जाने से उसकी मौत हो गई। प्राधिकारियों ने बताया कि वेंकटेश एच-1बी वीजा धारक थे और नेब्रास्का के ओमाहा में रह रहे थे। उनका शव बरामद कर लिया गया है। इस घटना पर ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दुख व्यक्त किया है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की बात कही है। प्राधिकारियों के मुताबिक, वह कथित तौर पर शनिवार दोपहर ह्यूस्टन से उत्तर की ओर लौट रहे थे, तभी उनका वाहन दक्षिण-मध्य कंसास में भीषण तूफान के कारण अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गया। तूफान के कारण क्षेत्र में छह इंच से अधिक बारिश हुई।

शव को स्वदेश भेजने की तैयारी
ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और पार्थिव शरीर को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कंसास राज्य के कानून प्रवर्तन अधिकारियों और परिवार के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर रहा है। उसने कहा, घटना पर हमें दुख है और जल्द ही अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के हवाई हमले, निशाने पर आईएस के ठिकाने
अफगानिस्तान पर शासन करने वाले तालिबान ने कहा है कि उसने पाकिस्तान में घुसकर हवाई हमले किए हैं। पाकिस्तान के मुताबिक, उसकी सेना ने बलूचिस्तान के दक्षिणी प्रांत में 4 साधारण ड्रोन भेजे। उन्हें मार गिराया है। ये झड़पें दोनों के बीच टकराव बढ़ाने वाली हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा, उसने बलूचिस्तान के सरानन शहर में आईएस के एक ठिकाने व खैबर पख्तूनख्वा में कई जगह हवाई हमले किए। इन हमलों में अफगानिस्तान ने सरानन में आतंकी संगठन की इस्लामिक स्टेट खुरासान (आईएस-के) के ठिकानों को निशाना बनाया। तालिबान रक्षा मंत्रालय ने कहा, जिन ठिकानों पर हमले हुए, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के अंदर नागरिकों के खिलाफ तोड़फोड़ और हमलों की योजना बनाने के लिए किया जा रहा था।

चित्राल-कंबर में भी अभियान
अफगानिस्तान की पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई दो दिन पहले हुए हमलों पर हुई। तालिबान ने बलूचिस्तान के पिशिन जिले के सरनान इलाके में बड़े ठिकाने को निशाना बनाने के साथ ही चित्राल की शाह सलीम घाटी और खैबर पख्तूनख्वा के कंबर खेल में भी अभियान चलाए।

पाकिस्तान के ताजा हमलों की भारत ने की निंदा
तालिबान ने ये हमले ऐसे समय में किए हैं, जब पाकिस्तान के साथ तनाव लगातार बढ़ रहा है। दो दिन पहले पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई हमले कर 36 लोगों की जान ले ली थी। भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ा बयान जारी कर कहा, भारत अफगानिस्तान की जमीन पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है।
 

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की एंटीना पर बुधवार को दो लोग चढ़ गए और वहां 'प्यार की ताकत' का संदेश लिखे बैनर को लहरा दिया। दोनों ने ऊंचाई पर सेल्फी ली, एक-दूसरे को गले लगाया और किस भी किया। करीब आधे घंटे बाद वे नीचे उतरने लगे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि दोनों इमारत की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर एंटीना तक कैसे पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed