फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates France UK Train derail West Asia Russia Ukraine China Nepal PAK Bangladesh UN politics News

World: जेली फिश के हमले के बाद फ्रांस ने बंद किए 3 परमाणु रिएक्टर; भारतीय राजदूत की चीन के अधिकारी से मुलाकात

Fri, 14 Aug 2026 07:35 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 14 Aug 2026 07:35 AM IST
विज्ञापन
World Updates France UK Train derail West Asia Russia Ukraine China Nepal PAK Bangladesh UN politics News
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

भारतीय राजदूत ने चीन के वरिष्ठ अधिकारी से की मुलाकात, व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा

विज्ञापन

चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने 'चीन लॉ सोसाइटी' के कार्यकारी उपाध्यक्ष वांग होंगचियांग से मुलाकात की है। वांग जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत के दौरे पर आने वाले हैं। इस मुलाकात के दौरान चीनी प्रतिनिधिमंडल की आगामी भारत यात्रा और भविष्य में आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से बात की गई।

दूसरी तरफ शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने चीनी व्यापारिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देना था। बैठक में तकनीक, स्वास्थ्य, दवाइयों और कपड़ा उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापार बढ़ाने पर सहमति बनी।

विज्ञापन
जेली फिश के हमले के बाद फ्रांस ने बंद किए 3 परमाणु रिएक्टर
जेली फिश के एक झुंड ने फ्रांस के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र में घुसकर उपकरणों पर हमला कर इसे जाम कर दिया। इसके चलते ग्रेवलिन्स पावर स्टेशन के तीन परमाणु रिएक्टरों को मजबूरन बंद करना पड़ा। यह संयंत्र अपने रिएक्टरों को ठंडा करने के लिए समुद्री जल का उपयोग करता है। जेलीफिश समुद्री जल सेवन प्रणाली में घुस गईं और उपकरणों को जाम कर दिया। हालांकि, यह कोई परमाणु दुर्घटना नहीं थी। यह बंद करना एक सुरक्षा उपाय था। फ्रांसीसी ऊर्जा समूह इलेक्ट्रिकिटे डी फ्रांस (ईडीएफ) ने कहा, पंपिंग स्टेशनों के फिल्टर ड्रमों में जेलीफिश की भारी और अप्रत्याशित उपस्थिति के कारण ये शटडाउन हो रहे हैं। उत्तरी फ्रांस में स्थित यह संयंत्र देश के सबसे बड़े संयंत्रों में से एक है और इसे उत्तरी सागर से जुड़ी एक नहर से ठंडा किया जाता है। ईडीएफ ने कहा, जल्द ही संयंत्र फिर से शुरू किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


दक्षिणी इंग्लैंड में यात्री ट्रेन पटरी से उतरी
दक्षिणी इंग्लैंड में एक यात्री ट्रेन पटरी से उतरकर पलट गई। चिकित्साकर्मी और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। सोशल मीडिया पर पलटे डिब्बे और आपातकालीन कर्मी दिखे। परिवहन सचिव हीडी एलेक्जेंडर ने एक्स पर चिंता जताई। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बदख्शां में तालिबान अधिकारी की हत्या 
अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर बदख्शां प्रांत की राजधानी फैजाबाद में गुरुवार देर रात हुए विस्फोट में तालिबान प्रशासन के मेयर हबीब उर रहमान मंसूर की मौत हो गई। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, मंसूर उस समय अपने वाहन में थे, जब विस्फोट हुआ। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को उनकी मौत की पुष्टि की और बताया कि यह घटना ऐसे समय हुई है, जब तालिबान 15 अगस्त 2021 को सत्ता में वापसी की पांचवीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है। इससे करीब दो सप्ताह पहले बदख्शां के सूचना एवं संस्कृति निदेशक जबीहुल्लाह अमीरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, अमीरी पर हमला करने वाले दो बंदूकधारियों में से एक को सुरक्षा बलों ने मार गिराया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों हमलों के पीछे की वजह या किसी संगठन की भूमिका का तत्काल पता नहीं चल सका है। तालिबान के सत्ता में आने के बाद उसके वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाकर की जाने वाली हत्याएं दुर्लभ रही हैं, हालांकि ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।

बर्लिन की 21 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, पांच घायल 
जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शुक्रवार सुबह 21 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में करीब पांच लोग घायल हो गए, जबकि कुछ निवासियों ने आग की लपटों से बचने के लिए इमारत से छलांग लगा दिया। जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक, घायलों की स्थिति की गंभीरता तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। आग लगने के बाद इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति को जान बचाने के लिए दमकल की हवाई सीढ़ी से लगी बास्केट में छलांग लगानी पड़ी, जिसे अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता ने बचाव अभियान को 'नाटकीय' बताया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति ने कितनी ऊंचाई से छलांग लगाई। आग शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे ओस्टबानहोफ रेलवे स्टेशन के पास फ्रेडरिकशाइन इलाके में एक फ्लैट की 11वीं मंजिल पर लगी और ऊपर स्थित फ्लैट तक फैल गई। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, ऑटो पलटने से 4 लोगों की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम हिस्से में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ऑटो-रिक्शा अचानक बेकाबू होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर जिले में हुआ। आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। शवों को नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है और मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

इटली में करोड़ों की चोरी हुई मशहूर पेंटिंग्स बरामद, रेनोआ, सेजान और माटिस की कलाकृतियां सुरक्षित
इटली की पुलिस ने इस साल की शुरुआत में चोरी हुई तीन बेहद कीमती पेंटिंग्स बरामद कर ली हैं। ये पेंटिंग्स महान चित्रकार रेनोआ, सेजान और माटिस की हैं। इन सभी कलाकृतियों की कुल कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इटली के एक निजी संग्रहालय से मार्च के महीने में इनकी चोरी हुई थी। जांच अधिकारियों के अनुसार चोरों ने इस बड़ी वारदात को सिर्फ तीन मिनट के भीतर अंजाम दिया था। इसके बाद वे संग्रहालय के बगीचे के रास्ते भाग निकले थे। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन अमूल्य पेंटिंग्स को ढूंढ निकाला है। फिलहाल इस मामले की आगे की जांच जारी है।

जाम्बिया में हिंसक झड़पों के कारण थमी मतगणना, राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे लटके
दक्षिण अफ्रीकी देश जाम्बिया में राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती को बीच में ही रोक दिया गया है। देश के चुनाव आयोग ने मतदान अधिकारियों पर हुए हमलों और बैलेट पेपर चोरी होने की घटनाओं के बाद यह कदम उठाया है।

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए आयोग सुरक्षा स्थिति की समीक्षा कर रहा है। यहां वर्तमान राष्ट्रपति हैकांडे हिचिलेमा और विपक्षी नेता ब्रायन मुंडुबिले के बीच कड़ा मुकाबला है। स्थिति सामान्य होने के बाद ही वोटों की गिनती दोबारा शुरू की जाएगी।

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री ने की अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, तीन देशों के राजदूतों से की वार्ता
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशहाक डार ने अमेरिका, ब्रिटेन और चीन के राजनयिकों से अलग-अलग मुलाकातें की हैं। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय शांति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और पश्चिम एशिया के हालातों पर भी बात हुई। इसके अलावा, इशहाक डार ने पाकिस्तान में हुई एक पर्वतरोही दुर्घटना पर चीनी राजदूत के समक्ष अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

सोशल मीडिया का प्यार पड़ा भारी, पूर्व पाकिस्तानी मंत्री का तलाक
पाकिस्तान के पूर्व प्रांतीय मंत्री गुलाम रसूल उन्नर ने सोशल मीडिया पर प्यार और वीडियो कॉल पर शादी करने के बाद अपनी पत्नी को तलाक दे दिया है। मंत्री का आरोप है कि महिला ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाई गई झूठी तस्वीरों का इस्तेमाल करके उन्हें धोखे में रखा था। सच सामने आने पर मंत्री ने तुरंत शादी खत्म कर दी। अब उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया है और अपनी पूर्व पत्नी पर धमकी देने तथा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करने की मांग की है।

बलूचिस्तान के गृह मंत्री के काफिले पर जानलेवा हमला, मंत्री सुरक्षित लेकिन तीन पुलिसकर्मी घायल
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में गृह मंत्री मीर ज़ियाउल्लाह लांगोव के काफ़िले पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में गृह मंत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन सुरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मियों समेत छह लोग घायल हो गए। यह हमला मस्तुंग जिले के पास हुआ जब मंत्री का काफ़िला क्वेटा जा रहा था। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

म्यांमार की राजधानी में फैला हैजा, बाढ़ के बीच बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं
म्यांमार के यांगून शहर में डायरिया और हैजा का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, जिससे सैकड़ों लोग अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। मानसूनी बाढ़ और राजनीतिक संकट से जूझ रहे इस देश के लिए यह एक नया संकट बन गया है। प्रशासन के मुताबिक, दूषित पानी और स्ट्रीट फूड के जरिए यह बीमारी फैल रही है। संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने कई स्ट्रीट फूड वेंडर्स और रेस्टोरेंट्स को अस्थाई रूप से बंद करने के आदेश दिए हैं।

बांग्लादेश में जहाज तोड़ने वाले यार्ड में जहरीली गैस का रिसाव,आठ मजदूरों की मौत
बांग्लादेश के सीताकुंड इलाके में स्थित एक शिपब्रेकिंग यार्ड में एक पुराने जहाज को काटते समय जहरीली गैस रिसाव की घटना हुई। इस हादसे में कम से कम आठ मजदूरों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। सरकार के संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि गैस रिसाव की असली वजह का पता लगाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed