विदेश के समाचार: फ्रांस में भारतीय को 20 साल की जेल; अमेरिका में इसाईस तूफान से भारी तबाही की आशंका
फ्रांस में भारतीय नागरिक रोहन राणे को बच्चों के यौन शोषण और यातना के मामले में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है। उस पर अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में बच्चों को निशाना बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क में शामिल होने का आरोप था। पीड़ित बच्चों को Discord मंच के जरिये CVLT नामक समूह का "गुलाम" बनाया जाता था। राणे इस समूह के नेताओं में से एक था। उसने Discord समूह का प्रशासक होने और हिंसक वीडियो देखने की बात स्वीकार की। उसके उपकरणों पर लड़कियों को उसके आदेश पर खुद को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाया गया। 2021 में गिरफ्तारी के बाद भी वह Discord के माध्यम से नाबालिगों से संपर्क में रहा। अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार, CVLT समूह नव-नाजीवाद और बाल यौन शोषण के सिद्धांतों का पालन करता था। Kaleb Christopher Merritt समेत अन्य सदस्य भी गिरफ्तार हुए, जिनमें से एक को 33 साल की जेल मिली।
अमेरिका में तूफान इसाईस तेजी से मजबूत हो रहा है। फ्लोरिडा और अलबामा तट की ओर बढ़ रहा यह तूफान श्रेणी 3 का है। तूफान शुक्रवार रात तक (स्थानीय समय) लैंडफॉल कर सकता है। देश के नेशनल हरिकेन सेंटर ने समुद्र में 6 से 9 फीट ऊंचे तूफान के उछाल की चेतावनी दी है। तेज हवाएं, बाढ़ और बवंडर भी आ सकते हैं। घरों की सुरक्षा के लिए निवासियों ने जनरेटर तैयार किए। उन्होंने बाथटब में पानी भरा और रेत की बोरियां भी भरीं। फ्लोरिडा के राज्यपाल रॉन डि-सैंटिस ने बिजली कटौती और गैस की कमी की आशंका जताई। तूफान 193 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
फ्लाईदुबई मामला: ओमान का सह-पायलट विमान तेल अवीव हवाई अड्डे पर गिराना चाहता था
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि फ्लाईदुबई के सह-पायलट का इरादा तेल अवीव हवाई अड्डे पर विमान को यात्री टर्मिनल में गिराना था। पिछले महीने उसने तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया था। यूएई के शीर्ष अभियोजक ने कहा कि उसका उद्देश्य अधिकतम मानवीय क्षति पहुंचना था। सरकारी समाचार एजेंसी WAM की तरफ से जारी बयान के मुताबिक उड़ान में सवार 174 यात्रियों में से अधिकांश इस्राइल से थे। सह-पायलट ने 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका में हुए हमलों से प्रेरणा ली थी। सह-पायलट की पहचान 29 वर्षीय हमाम अल-हमामी के रूप में की गई है।
सूर्य पर एक बड़ा विस्फोट हुआ है, जिसके बाद एक बड़ी सौर सुनामी और तीन विशाल कोरोनल मास इजेक्शन पृथ्वी की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस विस्फोट के कारण शनिवार और रविवार रात के समय आसमान में खूबसूरत हरे और बैंगनी रंग की रोशनी देखने को मिल सकती है, जो न्यूयॉर्क से लेकर इडाहो तक में दिखाई दे सकती है। यह चुंबकीय तूफान अंतरिक्ष में घूम रहे सैटलाइट्स के काम में बाधा डाल सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व (अमेरिकी केंद्रीय बैंक) की गवर्नर लिसा कुक को पद से हटाने की कोशिश में नया कदम उठाया है। उन्होंने कुक पर होम लोन आवेदन में गलत जानकारी देने के आरोपों की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। ट्रंप के ज्ञापन के मुताबिक, कुक के खिलाफ आरोपों और सबूतों पर पांच नवंबर को व्हाइट हाउस में सुनवाई होगी।
पाकिस्तान के पेशावर हाईकोर्ट ने शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी और पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के 27 अन्य नेताओं को राहत दी। अदालत ने इन 28 नेताओं की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है। साथ ही नेताओं की गिरफ्तारी से पहले जमानत की याचिकाएं डिवीजन बेंच के पास भेज दी है।