फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Storm Melissa Asia Europe US UK UN Houthi West Asia Politics Crime and Global events

Updates: उत्तरी कैरिबियन में तूफान मेलिसा, बाढ़ का खतरा; इस्राइली सेना ने इस्लामिक जिहाद के सदस्य पर किया हमला

Sun, 26 Oct 2025 02:48 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 26 Oct 2025 02:48 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Storm Melissa Asia Europe US UK UN Houthi West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

पश्चिम एशिया में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दो और संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को अगवा किया है। यमन में संयुक्त राष्ट्र के खिलाफ लगातार आक्रामक तेवर दिखा रहे हूती लड़ाकों ने जिन्हें अगवा किया है उसमें एक महिला भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर है। शनिवार को यमन की राजधानी सना में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) की दो महिला कर्मचारियों को घर से अगवा किया गया। इनमें से एक महिला ने हाल ही में समय से पहले बच्चे को जन्म दिया था, जिसकी मृत्यु हो गई थी। वह एक अन्य WFP कर्मचारी की बहन है। महिला के भाई को इस महीने की शुरुआत में कुछ समय के लिए किडनैप किया गया था। संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के मुताबिक हूती विद्रोहियों ने गत गुरुवार और शुक्रवार को भी कुछ कर्मियों को अगवा किया। विद्रोही समूह संयुक्त राष्ट्र की संपत्तियां और संचार उपकरण भी अपने कब्जे में ले चुके हैं। हूती विद्रोही अब तक कम से कम 55 संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों को अगवा कर चुके हैं। लगातार बढ़ती इन घटनाओं और दबाव के कारण संयुक्त राष्ट्र को इस इलाके में अपनी गतिविधियों को सीमित करना पड़ा है। शीर्ष अधिकारी को सना से अदन भेज दिया गया है।

विज्ञापन


उत्तरी कैरिबियन में तूफान मेलिसा, बाढ़ का खतरा
अमेरिकी मौसम विशेषज्ञों ने बताया है कि उष्णकटिबंधीय तूफान 'मेलिसा' के कारण जमैका में चक्रवात का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा, उत्तर कैरेबियाई क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी पैदा हो गया है। मेलिसा फिलहाल 110 किमी प्रति घंटा की गति से आगे बढ़ रहा है। रविवार तक ये बड़े चक्रवात में बदल सकता है। अमेरिकी नेशनल हरीकेन सेंटर के अनुसार, सोमवार तक ये तूफान जमैका के निकट पहुंच सकता है। जमैका, हैती और डोमिनिकन गणराज्य के दक्षिणी हिस्सों में सोमवार तक 64 सेंटीमीटर तक बारिश और दक्षिण-पश्चिम हैती में 89 सेंटीमीटर तक बारिश की आशंका है। तूफान के कारण हैती में तीन और डोमिनिकन गणराज्य में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। सैकड़ों घरों और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान हुआ है। जमैका सरकार ने 650 से अधिक राहत और बचाव केंद्रों को सक्रिय कर दिया है। प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। तूफान के कारण स्थानीय लोगों को चार दिनों तक भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन की मार झेलनी पड़ सकती है। इसके अलावा बिजली और संचार भी बाधित होने की आशंका है।
विज्ञापन


जापान ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए नए कार्गो यान का सफल प्रक्षेपण किया
जापान की अंतरिक्ष एजेंसी ने रविवार को अपने सबसे शक्तिशाली H3 रॉकेट से HTV-X1 नामक नए अनमंड कार्गो यान का सफल प्रक्षेपण किया। यह यान पहली बार अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक आपूर्ति पहुंचाने के लिए रवाना हुआ है। जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) ने बताया कि यान तार्नगाशिमा स्पेस सेंटर से लॉन्च होने के 14 मिनट बाद निर्धारित कक्षा में पहुंच गया। यान को अलग किया गया और नियोजित कक्षा में स्थापित किया गया। यदि मिशन सुचारू रहा, तो यह कुछ दिनों में ISS पहुंचकर आपूर्ति प्रदान करेगा। वहाँ मौजूद जापानी अंतरिक्ष यात्री किमिया यूई इसे रोबोटिक बाहु से पकड़ेंगे। HTV-X1, JAXA के पूर्व H-II ट्रांसफर वाहन कौनोटोरी का उत्तराधिकारी है, जिसने 2009 से 2020 के बीच नौ मिशनों में ISS तक सप्लाई पहुंचाई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

यूक्रेन में रूसी मिसाइल और ड्रोन से हमले में 4 लोगों की मौत; जेलेंस्की ने मांगी हवाई सुरक्षा
रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में शुक्रवार रात से शनिवार तक यूक्रेन में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। 20 लोग घायल भी हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम प्रदान करने का अनुरोध फिर से किया। राजधानी कीव में बैलिस्टिक मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए और 13 घायल हुए। यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि एक गैर-आवासीय इमारत में आग लगी और मिसाइल के अवशेषों से आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। मेयर विताली क्लित्श्को ने इसे 'राजधानी पर बैलिस्टिक हमला' बताया। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने नौ मिसाइल और 62 ड्रोन दागे, जिनमें से चार मिसाइल और 50 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। वहीं, रूस ने रातभर 121 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। हमले से बचाव के लिए यूक्रेन पैट्रियट डिफेंस सिस्टम से आस लगाए बैठा है।

कोरल सागर में 6.0 तीव्रता का भूकंप, वानुअतु के पास झटके महसूस
राष्ट्रीय भूकंपीय विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार तड़के कोरल सागर में 6.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। केंद्र ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह भूकंप 26 अक्तूबर 2025 को सुबह 4:58 बजे (IST) आया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र अक्षांश 12.34 दक्षिण और देशांतर 166.46 पूर्व पर स्थित था। रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र वानुअतु की राजधानी पोर्ट विला से लगभग 632 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में था। फिलहाल, भूकंप के बाद किसी नुकसान या हताहत की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

चीन के सुनहरी नाक वाले बंदरों का यूरोपीय चिड़ियाघरों में प्रीमियर
चीन के दुर्लभ सुनहरी नाक वाले बंदरों का अब यूरोपीय चिड़ियाघरों में प्रीमियर हुआ है। ये बंदर अपने घने बालों और हल्के नीले चेहरे के कारण जाने जाते हैं। ये बंदर अब यूरोप में पैंडा के बाद चीन के नए फर वाले दूत के रूप में चिड़ियाघरों में पहुंचे हैं। ये बंदर 10 साल की अवधि के लिए लोन पर दिए गए हैं। तीन सुनहरे बंदर अप्रैल में फ्रांस के बौवल चिड़ियाघर पहुंचे हैं। यह समझौता दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं जयंती के उपलक्ष्य के रूप में हुआ।

तुर्की से अपने लड़ाकों को इराक बुलाएगा कुर्दिश विद्रोही समूह
कुर्दिश विद्रोही संगठन ने रविवार को घोषणा की कि वह तुर्की से अपने लड़ाकों को इराक वापस बुला रहा है। यह कदम तुर्की के साथ शांति प्रयासों के तहत उठाया गया है। संगठन ने कहा कि झड़पों या उकसावे की किसी भी संभावना से बचने के लिए, सभी लड़ाकों को तुर्की से मीडिया डिफेंस एरिया में स्थानांतरित किया जा रहा है। पीकेके के नेता अब्दुल्ला ओजलान की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया है। पीकेके 1980 के दशक से तुर्की के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष कर रहा है, जिसमें अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है।

खैबर पख्तूनख्वा में लड़कियों के लिए बन रहा स्कूल विस्फोट से तबाह
पाकिस्तान के टैंक जिले के गारा बुद्ध गांव में अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार को लड़कियों के लिए बनाए जा रहे एक निर्माणाधीन प्राइमरी स्कूल को विस्फोट से उड़ा दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले से स्थानीय निवासियों में डर और आक्रोश फैल गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट सुबह तड़के हुआ, जिससे स्कूल की दीवार और कई कक्षाओं को भारी नुकसान हुआ। पुलिस ने कहा कि बम निरोधक दस्ते ने स्थल का निरीक्षण किया।

5 साल प्रतिबंध के बाद पीआईए ने शुरू कीं यूके के लिए उड़ानें
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) ने नकली पायलट लाइसेंस घोटाले के चलते लगे पांच साल के प्रतिबंध के बाद शनिवार को यूके के लिए अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ की उपस्थिति में इस्लामाबाद से मैनचेस्टर के लिए पहली फ्लाइट 284 यात्रियों के साथ रवाना हुई। यूरोपीय संघ उड्डयन सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) ने 2020 में पीआईए पर प्रतिबंध लगाया था।

सिंगापुर के अस्पताल में कुकर्म पर भारतीय नागरिक को जेल
सिंगापुर के एक प्रीमियम अस्पताल में काम करने वाले एक भारतीय नागरिक एलिपे शिवा नागू (34) को कुकर्म के आरोप में 14 महीने की जेल और दो कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। द स्ट्रेट्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एलिपे ने जून में रैफल्स अस्पताल में एक पुरुष विजिटर को कीटाणुरहित करने के बहाने कुकर्म किया था। कोर्ट को बताया गया कि इस अपराध के कारण पीड़ित को बार-बार फ्लैशबैक होते थे। गिरफ्तारी के बाद एलिपे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था, जिसके बाद कोर्ट ने उसे शुक्रवार को सजा सुनाई।

बांग्लादेशः पाकिस्तानी शीर्ष सैन्य अधिकारी ने यूनुस से रक्षा सहयोग पर किया विमर्श
पाकिस्तान के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल साहिर शमशाद मिर्जा ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की। इस दौरान जनरल मिर्जा ने कहा कि इस्लामाबाद, ढाका के साथ संबंधों को गहरा करने का इच्छुक है। मुख्य सलाहकार यूनुस के प्रेस विंग की तरफ से जारी बयान के अनुसार, शनिवार देर रात यूनुस के आधिकारिक आवास यमुना पर हुई बैठक के दौरान जनरल मिर्जा ने कहा, हमारे दोनों देश एक-दूसरे का समर्थन करेंगे।

जनरल मिर्जा ने बांग्लादेश-पाकिस्तान संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और रक्षा सहयोग का बढ़ता महत्व भी शामिल है। बयान के अनुसार, जनरल मिर्जा ने कई क्षेत्रों में शांति और स्थिरता को कमजोर करने के लिए गैर-सरकारी तत्वों की तरफ से गलत सूचना व सोशल मीडिया के दुरुपयोग की बढ़ती चुनौती पर विचारों का आदान-प्रदान किया। यूनुस ने पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी से कहा, सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं की बाढ़ आ गई है। इनका इस्तेमाल अराजकता फैलाने के लिए किया जा रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए एक ठोस वैश्विक प्रयास होना चाहिए।

इस्राइली सेना ने इस्लामिक जिहाद के सदस्य पर हमला किया
इस्राइली सेना ने मध्य गाजा में एक व्यक्ति पर हमले करने का दावा किया, जो उसके सैनिकों पर हमले की साजिश रच रहा था। इस्राइली सेना ने कहा कि उसने इस्लामिक जिहाद के सदस्य के ठिकाने पर हमला किया। दूसरी तरफ, फलस्तीनी चरमपंथी समूह ने एक बयान में कहा कि यह सिर्फ एक आरोप है। बता दें कि इस्राइल व हमास के बीच युद्धविराम लागू है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed