फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events

World: विक्रमसिंघे की पार्टी ने PM मोदी के श्रीलंका दौरे का किया स्वागत; म्यांमार भूकंप में 14 चीनी लोग घायल

Sun, 30 Mar 2025 02:51 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 30 Mar 2025 02:51 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events
world updates - फोटो : अमर उजाला

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस हफ्ते प्रस्तावित यात्रा का स्वागत किया। पीएम मोदी चार अप्रैल को दो दिनों के लिए श्रीलंका की यात्रा करेंगे। यूएनपी ने एक बयान में कहा, यह यात्रा हमारे दो महान राष्ट्रों के बीच शाश्वत संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यूएनपी ने कहा कि यह यात्रा जुलाई 2023 में अपनाए गए भारत-श्रीलंका आर्थिक साझेदारी विजन को मजबूत करने का अवसर प्रस्तुत करती है। यूएनपी ने याद दिलाया कि श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान भारत की तरफ से दी गई चार अरब डॉलर की सहायता हमारी मित्रता की गहराई का प्रमाण थी। विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने कहा कि श्रीलंका के पूर्वोत्तर मन्नार व भारत के दक्षिणी क्षेत्र के बीच समुद्र के नीचे केबल के माध्यम से विद्युत ग्रिड एकीकरण पर समझौता ज्ञापन यात्रा के दौरान किए जाने वाले द्विपक्षीय समझौतों में से एक होगा। यह 2015 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी की चौथी श्रीलंका यात्रा होगी। उन्होंने आखिरी बार जून 2019 में श्रीलंका का दौरा किया था। यूएनपी नेता रानिल विक्रमसिंघे मोदी के पिछले दौरों के दौरान श्रीलंका के प्रधानमंत्री थे।

विज्ञापन


म्यांमार भूकंप में 14 चीनी नागरिक घायल
म्यांमार में शुक्रवार दोपहर को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में 14 चीनी नागरिक घायल हुए हैं। म्यांमार में चीनी दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि की। इस भूकंप में 1,600 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि अनगिनत लोग ढही इमारतों के मलबे में दब गए हैं। इसके अलावा, चीन अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि चीन ने म्यांमार में राहत दल भेजने के अलावा, 100 मिलियन युआन (लगभग 13.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर) की आपातकालीन मानवीय सहायता की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन ने कुनमिंग से 7.3 टन राहत सामग्री लेकर एक चार्टर्ड विमान भी भेजा गया है।
विज्ञापन


पाकिस्तान में मिनी ट्रक और पिकअप वैन में टक्कर, नौ घायल
पाकिस्तान के मुल्तान के पास रविवार सुबह एक मिनी ट्रक और पिकअप वैन में टक्कर होने से कम से कम नौ लोग घायल हो गए है। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना हेड नौबहार के पास हुई, जहां एक मिनी ट्रक ने यात्रियों को ले जा रही पिकअप को टक्कर मार दी। पांच घायलों की पहचान हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आईं, जिनका मौके पर ही इलाज किया गया। इससे पहले, डेरा इस्माइल खान के टेकिन अड्डा इलाके के पास दराबन रोड के पास हुए एक सड़क हादसे में दो भाइयों समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

वाशिंगटन में हाउस पार्टी के दौरान गोलीबारी, 2 लोगों की मौत, 4 घायल
अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में शनिवार को हाउस पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल भी हो गए। पियर्स काउंटी शेरिफ विभाग ने इस बापे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। 

नाइजीरिया में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, 6 की मौत  
नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में सुरक्षा बलों और फलस्तीन समर्थक शिया मुस्लिम संगठन के सदस्यों के बीच झड़प में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस झड़प में एक सुरक्षाकर्मी और इस्लामिक मूवमेंट ऑफ नाइजीरिया (आईएमएन) के 5 सदस्य मारे गए।  

यह झड़प शुक्रवार को हुई, जब आईएमएन के सदस्य फलस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। यह रैली इंटरनेशनल कुद्स दिवस के अवसर पर आयोजित की गई थी, जो रमजान के आखिरी शुक्रवार को फलस्तीन के समर्थन में मनाया जाता है।  

आईएमएन कौन है? 
आईएमएन एक शिया मुस्लिम संगठन है, जो नाइजीरिया केलगभग 5% शिया मुसलमानों का प्रतिनिधित्व करता है। यह संगठन ईरानी इस्लामिक क्रांति से प्रेरित है और नाइजीरिया को शांतिपूर्ण तरीके से इस्लामिक स्टेट बनाने की पैरवी करता है। हालांकि, नाइजीरियाई सरकार ने इसे 2019 में प्रतिबंधित कर दिया था, क्योंकि इसके प्रदर्शन हिंसक हो जाते थे और इसे चरमपंथी गतिविधियों से जोड़ा गया था।

अमेरिका ने यमन में हूतियों पर किए ताबड़तोड़ हमले, 1 मौत
यमन में अमेरिका ने ताबड़तोड़ कई हवाई हमले किए। इन हमलों में हूती विद्रोहियों के बुनियादी ढांचे बुरी तरह से तबाह हुए। हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हूती विद्रोहियों द्वारा संचालित मीडिया ने यह जानकारी दी है। अमेरिकी सेना ने स्वीकारा कि उसने हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले सना के मध्य में एक प्रमुख सैन्य स्थल पर बमबारी की। 

पाकिस्तान : अफगानों पर कार्रवाई की तैयारियां पूरी
पाकिस्तान ने 31 मार्च तक स्वेच्छा से अफगानिस्तान नहीं लौटने वाले अफगानिस्तानियों को हिरासत में लेने और उन्हें उनके देश वापस भेजने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने कहा, हमने जनवरी में ‘अफगान सिटीजन कार्ड’ (एसीसी) धारकों से कहा था कि वे 31 मार्च तक पाकिस्तान छोड़ दें, अन्यथा उन्हें निर्वासित किया जाएगा। अब 31 मार्च के बाद एसीसी धारकों को लौटाने की व्यवस्था बनी है। अधिकारियों ने कहा कि निर्वासन से पहले अफगान नागरिकों को हिरासत में रखने के लिए हिरासत केंद्र बनाए गए हैं, जहां भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

सर्बिया में छात्रों का सरकार समर्थक मीडिया के खिलाफ प्रदर्शन  
सर्बिया में हजारों छात्रों ने शनिवार को सरकार समर्थक टीवी चैनल 'इन्फॉर्मर टीवी' के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि यह चैनल सरकार के कहने पर भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों को बदनाम कर रहा है और झूठी खबरें फैला रहा है।  नवंबर में सर्बिया के एक रेलवे स्टेशन पर छत गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद छात्रों ने सरकार में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किए, जो अब लगभग पांच महीने से चल रहे हैं।  

छात्रों का कहना है कि इन्फॉर्मर टीवी और कुछ अन्य मीडिया चैनल उन्हें चरमपंथी और हिंसक बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और वे केवल ईमानदार शासन और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।  

अमेरिका:घर पर विमान गिरा, एक की मौत
मिनियापोलिस (अमेरिका) के ब्रुकलिन पार्क इलाके में शनिवार को एक छोटा विमान एक घर से टकरा गया। इस हादसे में विमान में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।  

ब्रुकलिन पार्क की प्रवक्ता रिसिकत अडेओसोगुन ने बताया कि जिस घर पर विमान गिरा, उसके सभी निवासी सुरक्षित हैं। हालांकि, घर पूरी तरह नष्ट हो गया।  अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक इंजन वाला SOCATA TBM7 था। यह विमान आयोवा के डेस मोइनेस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर मिनियापोलिस के एनोका काउंटी-ब्लेन हवाईअड्डे पर जा रहा था। फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान में कुल कितने लोग सवार थे। दुर्घटना की जांच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी)कर रहा है।

आव्रजन विभाग ने मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के छात्र को हिरासत में लिया

अमेरिका के आव्रजन विभाग ने यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के एक छात्र को भी हिरासत में लिया है। आव्रजन विभाग अब तक कई छात्रों को हिरासत में ले चुका है और कई को निर्वासित करने की तैयारी कर रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस कार्रवाई पर चिंता जताई है। जिस छात्र को हिरासत में लिया गया है, वह यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल का छात्र है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्र को कानूनी मदद और अन्य समर्थन देने की बात कही है। 
 

खारकीव पर हुए रूसी हमले में दो की मौत

अफगानिस्तान से रिहा की गईं अमेरिकी महिला
अफगानिस्तान में तालिबान द्वारा बंधक बनाई गई अमेरिकी महिला को रिहा कर दिया गया है। अफगानिस्तान में एक पूर्व अमेरिकी राजदूत, ज़ाल्मय खलीलज़ाद ने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने हॉल की रिहाई की पुष्टि उसकी एक तस्वीर के साथ की। साथ ही कहा कि वह जल्द ही अपने घर के लिए रवाना होंगी। बता दें कि अमेरिकी महिला फे डेल हॉल को फरवरी में बिना अनुमति के ड्रोन का उपयोग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। उन्हें गुरुवार को एक समझौते के तहत रिहा किया गया। हॉल जनवरी के बाद से अफ़गानिस्तान से रिहा होने वाली चौथी अमेरिकी हैं।

खारकीव में रूसी हमले में दो की मौत 
रूस के ड्रोन्स ने यूक्रेन के खारकीव इलाके में एक सैन्य अस्पताल पर हमला किया। इस हमले में दो लोगों की मौत हुई है और 30 के करीब लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन ने इसे टारगेट हमला करार दिया। यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूस ने 111 ड्रोन्स से रविवार रात को हमला किया। इनमें से 65 को इंटरसेप्ट कर लिया गया, लेकिन 35 ने हमला किया। वहीं रूस ने भी यूक्रेन के छह ड्रोन्स को मार गिराने का दावा किया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed