फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Pentagon LA Army PAK Politics Crime and Global events

World Updates: सिंगापुर के अधिकारी ने किया छह भारतीय नागरिकों का शोषण; 60 हजार से अधिक फलस्तिनियों की मौत

Tue, 29 Jul 2025 10:41 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 29 Jul 2025 10:41 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Pentagon LA Army PAK Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

सिंगापुर के आव्रजन विभाग के एक भारतीय मूल के अधिकारी ने छह भारतीय नागरिकों का यौन शोषण किया। अधिकारी ने यह दोष स्वीकार कर लिया। अधिकारी ने शहर-राज्य में प्रवास को बढ़ाने के लिए अल्पकालिक यात्रा पास आवेदनों को सुविधाजनक बनाने के बदले में छह भारतीय नागरिकों से यौन संबंधों के रूप में रिश्वत लेने का दोष स्वीकार किया है। सिंगापुर के आव्रजन एवं जांच प्राधिकरण (आईसीए) में निरीक्षक के रूप में कार्यरत 55 वर्षीय कन्नन मोरिस राजगोपाल जयराम ने 2022 और 2023 के बीच अपराध किए। उन्होंने भ्रष्टाचार के तीन आरोपों में दोष स्वीकार किया। जयराम आईसीए निरीक्षक के रूप में, वीज़ा विस्तार अनुरोधों के प्रसंस्करण के लिए जिम्मेदार टीम की देखरेख करते थे।

विज्ञापन


60 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 21 महीने से चल रहे इस्राइल-हमास युद्ध में 60,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इसमें यह नहीं बताया गया कि कितने लोग नागरिक थे या कितने आतंकवादी, लेकिन कहा गया है कि मृतकों में लगभग आधे महिलाएं और बच्चे हैं।
विज्ञापन


लंदन में चाकूबाजी, दो लोगों की मौत
लंदन के एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को चाकूबाजी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक संदिग्ध भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि यह घटना लंदन के साउथवार्क इलाके में हुई। वहां 58 साल के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 साल के एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच अधिकारी एम्मा बॉन्ड ने कहा कि यह हमला आतंकवादी घटना नहीं है। 30 साल के एक व्यक्ति को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है, लेकिन वह खुद भी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। एक और घायल व्यक्ति अस्पताल में है और उसके ठीक होने की उम्मीद है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


यूएस सिंगर सियारा बेनिन की नागरिकता पाने वाली पहली महिला
पश्चिम अफ्रीकी देश बेनिन ने गुलाम लोगों के वंशजों को नागरिकता प्रदान करने वाला एक कानून पारित किया है। इस कानून के लागू होने के बाद अमेरिकी सिंगर सियारा बेनिन की नागरिकता पाने वाली पहली महिला बन गई हैं। कोटोनौ शहर में शनिवार को एक समारोह आयोजित किया गया, जहां ग्रैमी पुरस्कार विजेता सियारा को नागरिकता दी गई। यह पहल अफ्रीकी मूल के लोगों को आकर्षित करने, दास व्यापार में देश की भूमिका को स्वीकार करने और इससे जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की गई है। न्याय मंत्री यवोन डेत्चेनौ ने समारोह में कहा, 'अफ्रीका के इन बच्चों को कानूनी मान्यता देकर, बेनिन एक ऐतिहासिक घाव भर रहा है। यह न्याय का कार्य है, लेकिन साथ ही अपनेपन और आशा का भी।'

आइवरी कोस्ट में बस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत
पश्चिम अफ्रीका के दक्षिणी तट पर स्थित देश आइवरी कोस्ट में लंबी दूरी की बस और डंपर ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए। परिवहन मंत्रालय ने यह जानकारी दी। वहां के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी आइवरी कोस्ट के शहर सैन पेड्रो से पड़ोसी देश बुर्किन फासो जा रही थी। उसी दौरान उसकी टक्कर डंपर ट्रक से हो गई। मंत्रालय ने रविवार देर शाम बताया कि दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई और 51 लोग घायल हो गए। मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है।

इमरान खान की पार्टी ने शहरों में सेना तैनात करने के फैसले का विरोध किया
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की खैबर पख्तूनख्वा इकाई ने सोमवार को पेशावर और दूसरे शहरों में सेना तैनात करने के संघीय सरकार के फैसले का विरोध किया है। PTI इस समय खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय विधानसभा में सत्ता में है। पार्टी के नेताओं ने एक बैठक में कहा कि सरकार का यह कदम गलत है और इसका मकसद लोगों की आजादी को छीनना और राजनीतिक विरोध को दबाना है। बैठक में पास किए गए प्रस्ताव में कहा गया कि इस फैसले का कोई कानूनी, सांविधानिक या नैतिक आधार नहीं है और यह विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश है। पीटीआई ने इस फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही और पेशावर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से तुरंत ध्यान देने की अपील की है। पार्टी आने वाले दिनों में अदालत में एक याचिका भी दायर करेगी।

पाकिस्तान: धमाके से जाफर एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, एक घायल
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सोमवार को एक धमाके की वजह से जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह ट्रेन क्वेटा जा रही थी और हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण पटरी की मरम्मत में करीब पांच घंटे और लग सकते हैं। सिंध प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। सुक्कुर रेलवे के एक अधिकारी, जमशेद आलम ने बताया कि यह ट्रेन पेशावर से क्वेटा जा रही थी और शिकारपुर के पास धमाका हो गया। इसके बाद सुक्कुर से राहत और बचाव दल भेजे गए। आलम ने कहा कि धमाके के बाद ट्रेन की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

रोमानिया में आई बाढ़ से 3 लोगों की मौत, कई लोगों को घर छोड़ना पड़ा
रोमानिया के उत्तर-पूर्वी इलाके में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई और सैकड़ों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। बचाव दल सबसे ज्यादा प्रभावित नीम्ट और सुसेवा इलाकों में लोगों की मदद कर रहे हैं। हेलीकॉप्टर और फायर ब्रिगेड की मदद से कई लोगों को बचाया गया। कुछ लोग अपने घरों में पानी भर जाने की वजह से फंस गए थे। सिर्फ नीम्ट इलाके से ही 890 लोग निकाले गए। आपातकालीन विभाग के अनुसार, 66 साल के एक बुजुर्ग का शव एक नाले के पास मिला। इसके अलावा, दो महिलाएं जो लापता थीं, बाद में मृत मिलीं। अधिकारियों ने बाढ़ के कारण फैले कीचड़, बहे हुए वाहन, मलबे और टूटे हुए घरों की तस्वीरें भी साझा की हैं।

ग्लोबल स्टूडेंट प्राइज के दावेदारों में पांच भारतीय
शिक्षा-समाज संबंधी प्रतिष्ठित एक लाख डॉलर के पुरस्कार के लिए चुने गए 50 फाइनलिस्टों में भारत के पांच छात्र चुने गए हैं। चेग डॉट ओआरजी ग्लोबल स्टूडेंट प्राइज 2025 सोलह वर्ष से कम उम्र के सभी छात्रों के लिए है। भारतीय छात्रों में जयपुर के जयश्री पेरीवाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदर्श कुमार और मन्नत समरा, महाराष्ट्र के कासमपुरा स्थित सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी स्कूल के धीरज गतमाने, बैंगलोर के द इंटरनेशनल स्कूल के जहान अरोड़ा और दिल्ली के हेरिटेज इंटरनेशनल एक्सपीरियंस स्कूल के शिवांश गुप्ता शामिल हैं। इनका चयन 148 देशों से 11,000 नामांकनों में हुआ है।  

अमेरिका संग व्यापार समझौते से जर्मनी को होगा नुकसान:  मर्ज
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोमवार को कहा कि वह अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता के नतीजों से संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि, यह और अधिक सरलता से हासिल करने योग्य नहीं था। उन्होंने कहा, इस समझौते के कारण जर्मन अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान होगा। रविवार को घोषित व्यापार समझौते में अधिकांश यूरोपीय संघ के सामानों पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया गया है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक बार दी गई 30 प्रतिशत की धमकी से कम है। मगर, शून्य-से-शून्य समझौते की प्रारंभिक उम्मीदों से काफी ऊपर है। मर्ज ने बताया कि यह दर जर्मन अर्थव्यवस्था की आधारशिला, यूरोप के ऑटो सेक्टर पर मौजूदा टैरिफ दर 27.5 प्रतिशत से लगभग आधी है, लेकिन मैं पूरी तरह से जानता हूं कि जो टैरिफ बने हुए हैं, वे जर्मनी की निर्यात उन्मुख अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर बोझ हैं। 
 

कराची में चीनियों के हमलावर आतंकी मारे गए
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने पिछली रात तीन संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया। इन पर गत वर्ष कराची में चीनी नागरिकों पर हमले की साजिश रचने का आरोप रहा है। उस वक्त आतंकी हमले में एक कपड़ा मिल में काम कर रहे दो चीनी नागरिक घायल हो गए थे। इन आतंकियों में नवंबर 2024 के हमले का कथित मास्टरमाइंड जाफरान भी शामिल है, जो पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) से जुड़ा था। चीनी नागरिक यहां टीटीपी व अलगाववादी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी समेत कई आतंकी गुटों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। 

मैनहट्टन में वित्तीय फर्मों और एनएफएल कार्यालय भवन में दो लोगों को गोली मारी
अमेरिका के मैनहट्टन कार्यालय भवन में न्यूयॉर्क शहर के एक पुलिस अधिकारी समेत कम से कम दो लोगों को गोली मार दी गई। मामले से परिचित एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर इस बारे में जानकारी दी। उसे जांच के बारे में सार्वजनिक रूप से चर्चा करने की अनुमति नहीं थी। न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग का कहना है कि सोमवार शाम पार्क एवेन्यू कार्यालय भवन में किसी को गोली लगने की सूचना मिलने पर आपातकालीन दल को बुलाया गया था। एक प्रवक्ता ने कहा कि यह कॉल शाम लगभग 6:30 बजे आई थी, लेकिन उन्होंने कोई अन्य विवरण नहीं दिया। पुलिस ने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने सोशल मीडिया पर बताया कि मिडटाउन इलाके में गोलीबारी की घटना की जांच चल रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर वे उस इलाके में हैं तो घर के अंदर रहें और सतर्क रहें।

कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति उरीबे रिश्वतखोरी के मुकदमे में दोषी करार

कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति अल्वारो उरीबे को सोमवार को गवाहों से छेड़छाड़ और रिश्वत देने के मामले में दोषी करार दिया गया। यह देश के लिए एक ऐतिहासिक मुकदमा था, क्योंकि उरीबे को पहले एक मजबूत और सख्त नेता के रूप में जाना जाता था। यह फैसला राजधानी बोगोटा की एक अदालत ने दिया। मुकदमा करीब छह महीने तक चला, जिसमें यह साबित करने के लिए सबूत पेश किए गए कि उरीबे ने ऐसे गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश की, जिन्होंने उन पर यह आरोप लगाया था कि उनका 1990 के दशक में एक खतरनाक अर्धसैनिक समूह से संबंध था। यह समूह कथित तौर पर पशुपालकों द्वारा बनाया गया था। जज सैंड्रा हेरेडिया ने अपने 10 घंटे लंबे फैसले में कहा कि उरीबे ने एक वकील के साथ मिलकर जेल में बंद तीन अर्धसैनिक गुटों के सदस्यों को गवाही बदलने के लिए उकसाया। ये गवाह पहले वामपंथी सीनेटर इवान सेपेडा को बयान दे चुके थे, जिन्होंने उरीबे के इन कथित संबंधों की जांच शुरू की थी।

सूडान के दारफुर शिविर में कुपोषण से 13 बच्चों की मौत
सूडान के दारफुर क्षेत्र में विस्थापित लोगों के लिए बने एक शिविर में पिछले महीने कुपोषण संबंधी कारणों के चलते 13 बच्चों की मौत हो गई। डॉक्टरों के एक समूह ने यह जानकारी दी। सूडान में गृहयुद्ध के कारण मानवीय संकट पैदा हो गया है। डॉक्टरों ने कहा कि शिविर में 7000 से ज्यादा विस्थापित लोग हैं। वे भोजन की भारी कमी से जूझ रहा है। समूह ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सहायता समूहों से शिविर में मानवीय सहायता बढ़ाने का आग्रह किया है। लेकिन सहायता समूहों ने युद्धरत पक्षों से और अधिक मानवीय सहायता की अनुमति देने का अनुरोध किया है। वहीं संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि उत्तरी दारफुर प्रांत में 40,000 से अधिक बच्चों को गंभीर कुपोषण के इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed