फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Imran nephew kidnap Politics Crime and Global events

World: यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की अफवाह से हंगामा; माता-पिता की हत्या करने वाले एरिक मेंडेज की जमानत खारिज

Fri, 22 Aug 2025 12:13 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 22 Aug 2025 12:13 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Imran nephew kidnap Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी में भूस्खलन के कारण 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोगों के घायल होने की खबर है। गिनी की राजधानी कोनाक्री से 50 किमी दूर कोयाह प्रीफेक्चर के मानेआ क्षेत्र में बुधवार रात भारी बारिश के बाद पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। कई घर इसकी चपेट में आ गए। भूस्खलन में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 10 गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासी कोने पेपे के अनुसार, शाम करीब 7 बजे पहाड़ का हिस्सा खिसककर घरों पर गिरा। मलबे के नीचे दबे घरों में रहने वाले लोग इस आपदा की चपेट में आ गए। बचाव और खोज अभियान जारी है। शहरी विकास मंत्री मोरी कॉन्डे ने बताया कि अधिक बारिश होने के कारण पहाड़ धंस गया। बता दें कि पश्चिम अफ्रीका में हाल के वर्षों में भारी वर्षा और बाढ़ का खतरा बढ़ा है।

विज्ञापन

अमेरिका ने विदेशी ट्रक ड्राइवरों को वीजा देना बंद किया, तुरंत लागू होगा फैसला
अमेरिका अब विदेशी ट्रक ड्राइवरों को वर्क वीज़ा नहीं देगा। यह घोषणा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को X (पहले ट्विटर) पर की। उन्होंने कहा कि यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। रुबियो ने कहा कि अमेरिकी सड़कों पर बड़ी संख्या में विदेशी ट्रक ड्राइवरों की मौजूदगी अमेरिकियों की जान को खतरे में डाल रही है और स्थानीय ट्रक ड्राइवरों की रोज़ी-रोटी पर असर डाल रही है। फिलहाल सरकार ने यह नहीं बताया कि अमेरिका में कितने विदेशी ट्रक ड्राइवर काम कर रहे हैं।

विज्ञापन

पिछले कुछ महीनों में ट्रंप प्रशासन ने उन नियमों को सख्ती से लागू करना शुरू किया है जिनके अनुसार ट्रक ड्राइवरों को अंग्रेज़ी पढ़ने और बोलने में दक्ष होना चाहिए। परिवहन विभाग का कहना है कि यह कदम सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है। हाल ही में कुछ हादसों में यह पाया गया कि ड्राइवर अंग्रेज़ी संकेत नहीं पढ़ पाए या ठीक से बात नहीं कर सके, जिससे दुर्घटनाएं हुईं।

विज्ञापन
विज्ञापन

सूडान में UN की ट्रकों पर ड्रोन हमले
उत्तरी अफ्रीका के सूडान में संयुक्त राष्ट्र की तरफ से मुहैया कराए गए खाद्यान्न ले जा रहे 16 ट्रकों पर ड्रोन से हमले किए गए। अकालग्रस्त दारफुर क्षेत्र में हुए इस हमले में सभी 16 ट्रकों में आग लग गई और वे जलकर खाक हो गए। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता डेनिएला ग्रॉस ने बताया कि विश्व खाद्य कार्यक्रम के काफिले के साथ यात्रा कर रहे सभी चालक और कर्मचारी सुरक्षित हैं। हमले के लिए कौन जिम्मेदार है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिली है।

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के भांजे को लाहौर से अगवा किए जाने की खबर
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने उनके भांजे शाहरेज खान को अगवा किए जाने का आरोप लगाया है। शाहरेज, इमरान की बहन अलीमा खान के बेटे हैं। इस घटना के बाद पाकिस्तान का सियासी पारा चढ़ गया है। पार्टी के वकील राणा मुदस्सर उमर ने बताया कि अब तक किसी भी केस में शाहरेज का नाम नहीं आया है और न ही वे राजनीति से जुड़े हैं।गुरुवार को उन्होंने अपने आरोप में कहा, शाहरेज खान को लाहौर स्थित उनके घर से सादे कपड़े पहनकर आए लोगों ने अगवा कर लिया। पार्टी के मुताबिक शाहरेज ऑस्ट्रेलिया की एक बड़ी लिनेन कंपनी के रीजनल हेड और ट्रायथलीट हैं। उन्हें घर से जबरन उठाया गया। घरेलू सहायकों के साथ मारपीट हुई और शाहरेज को उनके दो बच्चों के सामने प्रताड़ित भी किया गया। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन पहले उन्हें अपनी पत्नी के साथ लाहौर एयरपोर्ट से यात्रा करने से रोका गया था। उन्हें जबरन फ्लाइट से उतार दिया गया था। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने शाहरेज की तत्काल रिहाई की मांग की। बता दें कि इमरान खान बीते करीब दो साल से (अगस्त, 2023 से) जेल में बंद हैं। उन्होंने अपनी पार्टी से कहा था कि जेल में उनके साथ कुछ भी गलत होने पर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को जवाबदेह ठहराया जाए।

बस-एम्बुलेंस की टक्कर में छह लोगों की मौत, मुख्यमंत्री मरियम ने जताया शोक
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहीम यार खान जिले में एक यात्री बस और एम्बुलेंस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार रेस्क्यू कर्मी शामिल हैं। गुरुवार को हादसा तब हुआ जब बस ने एक मोटरसाइकिल को बचाने की कोशिश में सामने से आ रही रेस्क्यू वाली गाड़ी 1122 एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। चार रेस्क्यू कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। दो घायलों की हालत गंभीर है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ ने हादसे पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

 

डेल्टा और यूनाइटेड एयरलाइंस पर धोखा देने का केस
इस हफ्ते न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को में डेल्टा एयरलाइंस और यूनाइटेड एयरलाइंस के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन कंपनियों पर आरोप है कि उन्होंने खिड़की वाली सीट बताकर यात्रियों से ज्यादा पैसे वसूले, जबकि कई सीटों के पास खिड़की थी ही नहीं सिर्फ दीवार थी। यह मुकदमे न्यूयॉर्क की एक कानून फर्म ने दर्ज किए हैं और ये सामूहिक मुकदमे हैं, यानी कोई भी यात्री जिसने ऐसी सीट बुक की हो, इस केस का हिस्सा बन सकता है।

कानून फर्म ने कहा कि हमें बहुत सारे लोगों ने संपर्क किया है जो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और इस केस से जुड़ना चाहते हैं। जब लोग खिड़की के लिए पैसे देते हैं, तो उन्हें खिड़की मिलनी भी चाहिए।  डेल्टा और यूनाइटेड दोनों एयरलाइंस ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है क्योंकि केस कोर्ट में चल रहा है।

शट्टा वेले अमेरिकी धोखाधड़ी केस की जांच में गिरफ्तार, बाद में मिली जमानत
घाना के मशहूर सिंगर शट्टा वेले को अमेरिका में चल रहे एक धोखाधड़ी मामले से जुड़े जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया गया। यह मामला उनकी 2019 मॉडल की लग्जरी कार लेम्बोर्गिनी उरुस से जुड़ा हुआ है। घाना की आर्थिक और संगठित अपराध कार्यालय (EOCO) ने बताया कि शट्टा वेले खुद बुधवार को पूछताछ के लिए पेश हुए थे। यह पूछताछ अमेरिका सरकार की ओर से आए अनुरोध पर हो रही है। उन्हें गुरुवार को जमानत पर छोड़ दिया गया।

जांच एक 4 मिलियन डॉलर (करीब 33 करोड़ रुपये) की धोखाधड़ी से जुड़ी है, जो अमेरिका में कुछ घानावासियों द्वारा की गई थी। इस धोखाधड़ी में कमाई गई रकम से खरीदी गई चीजों का पता लगाया जा रहा है। इस केस का मुख्य आरोपी नाना क्वाबेना अमुआह है, जिसे 2023 में अमेरिका की अदालत ने 7 साल की सजा दी थी। उस पर आरोप था कि उसने लेक्सिंगटन, केंटकी शहर को गैर-लाभकारी संगठनों के नाम पर धोखा देकर पैसे ठग लिए।

फलस्तीनी गुटों ने हथियार सौंपने की प्रक्रिया शुरू की, लेबनानी सेना को सौंपी पहली खेप
बेरूत के पास एक फलस्तीनी शरणार्थी कैंप में मौजूद कुछ फलस्तीनी गुटों ने गुरुवार को अपने पास रखे हथियार लेबनानी सेना को सौंपने की शुरुआत की। यह कदम उन योजनाओं का हिस्सा है जो तीन महीने पहले घोषित की गई थी, जिसके तहत इन कैंपों से हथियार हटाए जाने हैं। पहले दिन एक छोटी सी शुरुआत हुई, एक पिकअप ट्रक कैंप से निकला जिसमें बैगों में बंद हथियार रखे थे। कुछ बैगों से मशीन गनों के पिछले हिस्से और रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड्स झांकते हुए दिखाई दिए।

इस योजना की घोषणा मई में उस समय हुई थी जब फलस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने लेबनान का दौरा किया था। उन्होंने और लेबनान के राष्ट्रपति जोसफ आउन ने मिलकर कहा था कि हथियारों का नियंत्रण अब लेबनानी सरकार के पास होगा। लेकिन अभी तक सभी फलस्तीनी गुट इस फैसले से सहमत नहीं हैं।

हमास और उससे जुड़े गुट पैलेस्टीनियन इस्लामिक जिहाद ने इस पर कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी है। हमास की ओर से एक बयान आया जिसमें कहा गया कि गुरुवार को हथियार सौंपना फतह संगठन का आंतरिक मामला है और इसका फलस्तीनी कैंपों में मौजूद हथियारों से कोई लेना-देना नहीं है।

न्यायाधीश का फैसला: ट्रंप की पूर्व वकील एलीना हाब्बा का न्यू जर्सी में टॉप फेडरल वकील के तौर पर काम करना गैरकानूनी
एक अमेरिकी न्यायाधीश ने गुरुवार को फैसला सुनाया कि डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व वकील एलीना हाब्बा ने न्यू जर्सी की शीर्ष संघीय वकील के रूप में गैरकानूनी तरीके से काम किया है। जज मैथ्यू ब्रैन ने कहा कि हाब्बा कानून के अनुसार इस पद के लिए योग्य नहीं थीं और 24 जुलाई 2025 के बाद से उन्होंने यह जिम्मेदारी अवैध रूप से निभाई।

हालांकि, जज ने यह आदेश फिलहाल रोक दिया है, क्योंकि इस फैसले के खिलाफ अपील की जा सकती है। यह मामला तब सामने आया जब न्यू जर्सी में दो लोगों पर नशे की तस्करी के आरोप लगे थे। उनके वकील ने अदालत में कहा कि हाब्बा के कार्यकाल की सीमा पूरी हो चुकी थी और उसके बाद उन्हें यह केस संभालने का अधिकार नहीं था। हाब्बा की 120 दिनों की अंतरिम नियुक्ति की अवधि जुलाई में खत्म हो गई थी, और उसके बाद भी वह काम करती रहीं, जिसे अब कोर्ट ने अवैध माना है।

अमेरिका के अंतिम 'वॉर हीरो' फाइटर पायलट डोनाल्ड मैकफर्सन का 103 साल की उम्र में निधन
द्वितीय विश्व युद्ध के समय जापानी विमानों को मार गिराने वाले अमेरिका के आखिरी जीवित ‘ऐस’ फाइटर पायलट माने जाने वाले डोनाल्ड मैकफर्सन का 14 अगस्त को निधन हो गया। वे 103 साल के थे और नेब्रास्का राज्य के रहने वाले थे। मैकफर्सन ने अमेरिकी नेवी फाइटर पायलट के रूप में यूएसएस एसेक्सनामक युद्धपोत से सेवाएं दी थीं। उन्होंने युद्ध के आखिरी वर्षों में 5 दुश्मन विमानों को मार गिराया था, जिसके लिए उन्हें कॉन्ग्रेशनल गोल्ड मेडल और तीन बार ‘डिस्टिंग्विश्ड फ्लाइंग क्रॉस’ से सम्मानित किया गया।

हालांकि, उनकी बेटी बेथ डेलाबार ने बताया कि मैकफर्सन हमेशा चाहते थे कि उन्हें उनकी आस्था, परिवार और समाज सेवा के लिए याद किया जाए – न कि केवल युद्ध में उनकी वीरता के लिए। उन्होंने कहा, “जब पिताजी कहते थे कि उन्हें किस बात के लिए याद किया जाए, तो उनका पहला जवाब होता था कि मैं एक आस्था रखने वाला इंसान हूं। बेथ ने बताया कि उन्हें अपने जीवन के आखिरी वर्षों में ही इतने सारे पुरस्कार और सम्मान मिले। यह खबर सबसे पहले बीट्राइस डेली सन नामक नेब्रास्का के स्थानीय अखबार में छपी थी।

 

न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल हार्लेम में लीजियोनेयर्स बीमारी से छठीं मौत
न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल हार्लेम इलाके में लीजियोनेयर्स डिज़ीज़ के फैलने से छठीं मौत की पुष्टि हुई है। अब तक 111 लोग इस बीमारी से संक्रमित हो चुके हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को दी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मरीज की मौत इसी महीने शहर से बाहर हुई थी, लेकिन उनकी पहचान हाल ही में जांच के दौरान हुई। इससे पहले सोमवार को पांचवीं मौत की जानकारी दी गई थी।

माइक्रोसॉफ्ट के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन में 18 कर्मी गिरफ्तार
इस्राइली सेना को गाजा में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी द्वारा किए गए सहयोग के खिलाफ अब भी विरोध जारी है। माइक्रोसॉफ्ट मुख्यालय के बाहर कंपनी के कर्मचारियों की अगुवाई में प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया। इस बीच, कंपनी ने फिर गाजा में युद्ध के दौरान इस्राइली सेना की आेर से उसकी तकनीक के इस्तेमाल की समीक्षा का वादा किया है।  माइक्रोसॉफ्ट परिसर में दो दिन से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कंपनी से इस्राइल के साथ अपने व्यापारिक संबंध समाप्त करने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारी एक दिन पूर्व कंपनी के आग्रह पर वापस चले गए लेकिन अगले दिन कंपनी ने पुलिस को बताया कि प्रदर्शनकारी जबरन कार्यालय में घुस रहे हैं। 

पाकिस्तानी के पंजगुर में बीएलए लड़ाकों ने चार सैनिकों की हत्या की
बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पंजगुर में हुए एक हमले की जिम्मेदारी लेते हुए चार पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मार गिराने की बात स्वीकार की है। बीएलए प्रवक्ता जीयंद बलोच ने कहा, पंजगुर के सुरदु इलाके में लड़ाकों ने छापा मारा और एक पाकिस्तानी सैनिक को मार गिराया। इसके बाद लड़ाकों ने इस्लाम सरवर के ठिकाने से तीन कलाश्निकोव राइफलें, एक एम-4, अतिरिक्त हथियार, दो वाहन और तीन मोटरसाइकिलें जब्त कीं और तीन अन्य को मार डाला।

जापान में मची कृष्ण जन्माष्टमी की धूम
जापान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। टोक्यो जापान के हिंदू समुदाय ने भव्य सांस्कृतिक उत्सव आयोजित कर जापानी दोस्तों के साथ ने इस मौके को और खास बना दिया। जापान में रहने वाले 20 से अधिक भारतीय राज्यों के लोग एक भारत, एक समुदाय के तौर पर उत्सव मनाने के लिए एक मंच पर आए।

यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की अफवाह से हंगामा

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में विलानोवा यूनिवर्सिटी में गुरुवार को गोलीबारी की अफवाह फैल गई। यह एक झूठी सूचना थी, लेकिन इसके चलते यूनिवर्सिटी कैंपस में मौजूद छात्र और उनके माता-पिता बुरी तरह से घबरा गए और इसके चलते काफी हंगामे के हालात रहे। गोलीबारी की अफवाह फैलने के बाद छात्रों ने खुद को क्लासरूम में बंद कर लिया। सूचना मिलते ही सशस्त्र बल के जवान विश्वविद्यालय परिसर में पहुंच गए। इसके चलते काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। 

माता-पिता की हत्या करने वाले एरिक मेंडेज की जमानत याचिका खारिज

साल 1989 में अपने भाई के साथ मिलकर अपने माता-पिता की हत्या करने वाले एरिक मेंडेज की जमानत याचिका को गुरुवार को अदालत ने खारिज कर दिया। कैलिफोर्निया के दो कमिश्नरों के पैनल ने एरिक मेंडेज के जेल में व्यवहार को देखते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी। अब तीन साल बाद एरिक मेंडेज फिर से जमानत के लिए अपील कर सकेगा। एरिक के भाई लिल मेंडेज की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है। दोनों भाई सैन डिएगो की जेल में बंद हैं। माता-पिता की हत्या के आरोप में दोनों भाइयों को साल 1996 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। दोनों ने बेवर्ली हिल्स के घर में गोली मारकर अपने माता-पिता की हत्या कर दी थी। दोनों भाइयों का दावा है कि पिता ने उनके साथ वर्षों तक यौन शोषण किया और आत्म रक्षा में उन्होंने अपने परिजनों की हत्या की। वहीं अभियोजन पक्ष का कहना है कि पैतृक संपत्ति के लिए दोनों भाइयों ने अपने माता-पिता की हत्या कर डाली। 

ईरान: बंदूकधारियों ने पांच पुलिस अधिकारियों की हत्या की
ईरान के दक्षिण-पूर्वी प्रांत सीस्तान और बलूचिस्तान में शुक्रवार को बंदूकधारियों ने पांच पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी। यह जानकारी ईरान की सरकारी मीडिया ने दी है।

सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, हमला उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी दो वाहनों में गश्त कर रहे थे। यह हमला ईरानशहर नाम के शहर के पास सड़क पर हुआ, जो राजधानी तेहरान से लगभग 1300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि इस हमले में कितने पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

यह प्रांत अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है और यहां पर कभी-कभी हिंसक झड़पें होती रहती हैं। इन झड़पों में आतंकी समूह, हथियारबंद ड्रग तस्कर और ईरानी सुरक्षाबल शामिल होते हैं। यह क्षेत्र ईरान के सबसे कम विकसित इलाकों में से एक है।

फिजी के प्रधानमंत्री का रविवार को भारत दौरा, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामाडा राबुका 24 से 27 अगस्त तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राबुका अपनी पत्नी सुलुवेती राबुका के साथ भारत आ रहे हैं। वे 24 अगस्त की शाम दिल्ली पहुंचेंगे। 25 अगस्त को राबुका सबसे पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात होगी। उसी शाम, राबुका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed