फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Cambodia Bangladesh Politics Crime and Global events

World News: गाजा में चर्च पर इस्राइल का हमला, तीन की मौत; अमेरिका दौरे पर कई खाड़ी देशों के नेता

Thu, 17 Jul 2025 08:16 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Thu, 17 Jul 2025 08:16 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Cambodia Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

गाजा पट्टी के एकमात्र कैथोलिक चर्च के परिसर में गुरुवार को एक इस्राइली बम गिरा। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 अन्य घायल हो गए, जिनमें पैरिश पादरी भी शामिल हैं। चर्च के अधिकारियों के अनुसार दिवंगत पोप फ्रांसिस युद्धग्रस्त क्षेत्र की स्थिति के बारे में पादरी से नियमित रूप से बात करते थे। गोलाबारी में चर्च परिसर भी क्षतिग्रस्त हो गया। यहां सैकड़ों फलस्तीनी युद्ध से बचने के लिए शरण लिए हुए हैं। इस्राइल ने माफी मांगते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है। पोप लियो XIV ने गुरुवार को हमले के जवाब में तत्काल युद्ध विराम का अपना आह्वान दोहराया।

विज्ञापन


अमेरिका दौरे पर कई खाड़ी देशों के नेता
राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में कई खाड़ी देशों के नेताओं की मेजबानी कर रहे हैं। हालांकि जिस वक्त ट्रंप, खाड़ी देशों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं, उसी वक्त पश्चिम एशिया में युद्ध का एक और मोर्चा खुलता दिख रहा है। दरअसल इस्राइल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में कई ठिकानों पर हमला किया। इससे पश्चिम एशिया में हिंसा और बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं ट्रंप पश्चिम एशिया में शांति लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनकी कोशिशें रंग लाती नहीं दिख रही हैं। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में बहरीन के क्राउन प्रिंस से मुलाकात की। वहीं कतर के प्रधानमंत्री के साथ निजी डिनर किया। ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल के पहले विदेश दौरे पर भी पश्चिम एशिया गए। जिसमें उन्होंने सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया। 
विज्ञापन


कंबोडिया में साइबर अपराध पर नकेल, 1000 गिरफ्तार
एशियाई देश कंबोडिया में साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। प्रधानमंत्री हुन मानेट ने देश में आपराधिक साइबर कृत्यों पर नकेल कसने और कार्रवाई करने के आदेश  दिए हैं। इसी का नतीजा है कि महज एक हफ्ते में 1,000 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। प्रधानमंत्री मानेट ने 'सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को बरकरार रखने और संरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि कंबोडिया में, विदेशी आपराधिक समूह ऑनलाइन घोटाले करने के लिए घुसपैठ कर चुके हैं। साइबर अपराध के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह प्रतिवर्ष अरबों डॉलर कमाते हैं। संयुक्त राष्ट्र और अन्य एजेंसियों का अनुमान है कि अधिकांश साइबर घोटालों के तार दक्षिण-पूर्व एशिया से जुड़े होते हैं। इन्हीं बातों के मद्देनजर देश की सरकार सख्त कदम उठा रही है। साइबर स्कैम और जुए के धंधों के लिए कुख्यात थाईलैंड की सीमा से सटे कंबोडियाई शहर पोइपेट में बुधवार को 45 महिलाओं समेत कम से कम 270 इंडोनेशियाई लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, उत्तरपूर्वी प्रांत क्राटी में पुलिस ने थाईलैंड, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, म्यांमार और वियतनाम के नागरिकों समेत 312 लोगों को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में खाड़ी देशों के नेताओं की मेजबानी की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में खाड़ी देशों के दो अरब नेताओं की मेजबानी की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब इस्राइल और सीरिया के बीच बढ़ती हिंसा ने मध्य पूर्व में शांति लाने के उनके वादे पर संदेह खड़ा कर दिया है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में बहरीन के क्राउन प्रिंस से मुलाकात की और बाद में कतर के प्रधानमंत्री के साथ रात्रिभोज भी करना है। राष्ट्रपति ट्रंप ने खाड़ी क्षेत्र को बहुत अहमियत दी है, क्योंकि यह इलाका बहुत अमीर है और उनके परिवार के व्यापारिक रिश्ते भी यहां कई देशों में हैं। अपने दूसरे कार्यकाल की पहली विदेश यात्रा में वे सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जा चुके हैं। हालांकि गाजा युद्ध जैसे गंभीर मुद्दों पर कोई खास हल नहीं निकला है, फिर भी ट्रंप का ध्यान अब आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और देशों के बीच अच्छे संबंध बनाने पर है। बहरीन के युवराज सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा, 'उन्हें जो भी चाहिए था, हमने उनकी मदद की। और जब हमें कुछ चाहिए था, तो उन्होंने भी हमारी मदद की।'

इराक के तेल क्षेत्रों पर ड्रोन हमला, कई तेल संयंत्र बंद
इराक के उत्तर में मौजूद कुर्द क्षेत्र में बुधवार को ड्रोन हमले हुए। ये हमले तेल क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए, जिससे कई तेल संयंत्रों को बंद करना पड़ा। यह हमला हाल के दिनों में हुए हमलों की कड़ी में एक और हमला है। अब तक किसी भी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। इससे इराक की सरकार और कुर्द प्रशासन के बीच तनाव बढ़ गया है। कुर्द क्षेत्र के आतंकवाद-रोधी विभाग ने बताया कि जाखो जिले में दो ड्रोनों ने एक तेल क्षेत्र पर हमला किया। इसमें कुछ नुकसान हुआ, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। तेल क्षेत्र का संचालन करने वाली नॉर्वे की कंपनी डीएनओ एएसए ने कहा कि तावके में एक छोटा भंडारण टैंक और पेशकबीर में कुछ उपकरणों को नुकसान हुआ है। तीन विस्फोटों के बाद कंपनी ने अपना काम अस्थायी रूप से रोक दिया है। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कुछ घंटे बाद दोहुक प्रांत के शेखान जिले में बाद्रे तेल क्षेत्र पर भी ड्रोन हमला हुआ। इसमें भी कोई घायल नहीं हुआ। वीडियो में बंजर पहाड़ियों से धुएं का गुबार उठता दिखा।
 

चैरिटी के लिए अंगोला में बारूदी सुरंगों से होकर गुजरे प्रिंस हैरी
प्रिंस हैरी बुधवार को अपनी मां प्रिंसेस डायना की तरह एक सुरक्षा जैकेट पहनकर अंगोला में एक ऐसी जगह से होकर गुजरे, जहां जमीन में बारूदी सुरंगें थीं। उन्होंने ऐसा लोगों को यह बताने के लिए किया कि पुरानी लड़ाइयों में बची इन सुरंगों को हटाना कितना जरूरी है। प्रिंस हैरी, जो 'ससेक्स के ड्यूक' कहलाते हैं, उस समय हेलो ट्रस्ट नाम की संस्था के साथ अंगोला में थे। यही संस्था प्रिंसेस डायना के साथ भी काम कर चुकी है, जब उन्होंने जनवरी 1997 में अंगोला का दौरा किया था। डायना की उसी साल अगस्त में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी। डायना की बारूदी सुरंगों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली तस्वीरों ने दुनिया भर में इस खतरे के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू करने में मदद की थी। उसी साल एक अंतरराष्ट्रीय समझौता भी हुआ, जिसमें बारूदी सुरंगों पर रोक लगाने की बात तय की गई। हेलो ट्रस्ट के मुताबिक, प्रिंस हैरी दक्षिणी अंगोला के एक गांव कुइटो कुआनावाले के पास एक बारूदी सुरंग क्षेत्र में गए। इससे पहले भी, 2019 में, हैरी ने इसी तरह की यात्रा की थी, जिससे यह साबित होता है कि वे लगातार अपनी मां की राह पर चल रहे हैं।

बेल्जियम के टुमॉरोलैंड संगीत समारोह के मुख्य मंच में लगी आग
बेल्जियम में होने वाले टुमॉरोलैंड म्यूजिक फेस्टिवल के शुरू होने से दो दिन पहले, बुधवार को इसके मुख्य मंच में आग लग गई। आयोजकों ने बताया कि आग से मंच को काफी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सोशल मीडिया और खबरों में आई तस्वीरों में दिखा कि आग की लपटें मंच को घेर रही थीं और धुआं आसमान में फैल रहा था। आग पास के जंगल तक भी पहुंच गई। यह फेस्टिवल ब्रुसेल्स के पास बूम शहर में होता है और शुक्रवार से शुरू होने वाला था। इसमें यूरोप के कई देशों से हजारों लोग शामिल होते हैं।

म्यांमार में भूकंप के झटके, रिएक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई तीव्रता 
म्यांमार में बृहस्पतिवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। एनसीएस के अनुसार, भूकंप जमीन से 83 किलोमीटर की गहराई पर आया। इतनी कम गहराई वाला भूकंप दोबारा झटकों की संभावना को बढ़ा देता है। इससे पहले बुधवार को भी इसी इलाके में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके अलावा, 14 जुलाई को भी इसी क्षेत्र में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया था। यह भूकंप भी जमीन से सिर्फ 10 किलोमीटर नीचे आया था।

10 अमेरिकी राज्यों में आव्रजन कोर्ट के 17 जज बर्खास्त
अमेरिका में ट्रंप प्रशासन अब आप्रवासियों को बड़े पैमाने पर निर्वासित करने के लिए कदम आगे बढ़ा रहा है। आप्रवासियों का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनियन ने बताया हाल में आव्रजन अदालतों के 17 न्यायाधीश बर्खास्त किए गए हैं।अमेरिका के 10 राज्यों के ये जज ट्रंप प्रशासन की कार्रवाइयों को लेकर रोक लगा रहे थे। इनमें 15 जज शुक्रवार को व दो सोमवार को बिना कारण बताए निकाले गए। कैरेबियाई देशोें पर टैरिफ : इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह अफ्रीका और कैरेबियाई देशों सहित छोटे देशों पर 10% से अधिक टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। हम कम से कम 10% से थोड़ा अधिक टैरिफ हो सकता है।

नेपाल में जसपा ने सरकार से वापस लिया समर्थन
नेपाल में जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) ने पीएम केपी शर्मा ओली की सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र यादव के नेतृत्व में जसपा के संसदीय दल की बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा के बाद समर्थन वापसी की गई। पार्टी ने कहा, सरकार जनता को सुशासन देने में नाकाम रही है। सरकार को दिया गया समर्थन अर्थहीन हो गया है, इसलिए पार्टी ने तत्काल समर्थन वापस लेने का निर्णय लिया है।

बांग्लादेश : ढहाया गया सत्यजीत रे का पुस्तैनी घर
मोहम्म्द यूनुस की सरकार ने आखिरकार बांग्लादेश में महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे का ढाका स्थित पैतृक घर ध्वस्त कर दिया। भारत ने बांग्लादेश से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की थी। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से इसका म्यूजियम बनाने में मदद करने की अपील भी की गई थी। उधर बांग्लादेशी अखबार प्रथम ओलो के मुताबिक साल 2007 के बाद से इस वीरान पड़े घर में कोई गतिविधि नहीं हुई थी। साथ ही यह इमारत नशेड़ियों का अड्डा बन चुकी थी। ऐसे में इमारत को ध्वस्त करने का प्रस्ताव रखा गया। एनसीपी की रैली में तीन की मौत : इसी देश की एक अन्य घटना में बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के गृहनगर गोपालगंज में नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) की एक रैली के दौरान हुई झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई।

लंदन में महात्मा गांधी का दुर्लभ तैल चित्र 1.75 करोड़ में नीलाम
लंदन में महात्मा गांधी की एक दुर्लभ तैल चित्र की नीलामी हुई है। माना जा रहा है कि यह इकलौती ऐसी तस्वीर है, जिसके लिए महात्मा गांधी पोट्रेट मोड में बैठे थे और पेंटर ने उनके सामने बैठकर यह खूबसूरत तैल चित्र बनाई थी।लंदन के बोनहम्स में मंगलवार को इस 94 साल पुरानी तस्वीर को ऑनलाइन नीलामी में 152,800 पाउंड (1.75 करोड़ रुपये) में बेचा गया। ब्रिटिश कलाकार क्लेयर लीटन ने इस पेटिंग को 'पोट्रेट ऑफ महात्मा गांधी' नाम दिया था। यह तैल चित्र अनुमान से 3 गुना अधिक कीमत पर बिकी है। इस तस्वीर को 1974 में सार्वजनिक प्रदर्शनी के लिए रखा गया था। हालांकि, तब एक कार्यकर्ता ने इस तस्वीर पर हमला कर दिया था। बाद में इस पेटिंग को सही किया गया। ऐसे में लीटन के परिवार को उम्मीद नहीं थी कि यह पेटिंग इतनी महंगी बिकेगी।

न्यू जर्सी में बिजली गिरने से 1 व्यक्ति की मौत, 13 घायल

अमेरिका के न्यू जर्सी के एक तीरंदाजी रेंज में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। न्यू जर्सी के जैक्सन टाउनशिप के पुलिस प्रमुख ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7.15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ब्लैक नाइट बोबेंडर्स तीरंदाजी रेंज में बिजली गिरने से कई लोग उसकी चपेट में आए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे में 61 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में कुछ जलने से घायल हैं तो कुछ बेहोश हो गए थे। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में एक 7 साल का बच्चा भी शामिल है। 

तीन आतंकी मार गिराए

पाकिस्तान में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित फितना ख्वारिज दर्रार के तीन मोस्ट वांटेड आतंकवादियों को मार गिराया। बुधवार रात खुफिया सूचना मिलने के बाद उत्तरी वजीरिस्तान की सीमा से लगे बन्नू जिले में सीटीडी और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। आतंकवाद निरोधी विभाग (CTD) के साथ कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने मुदस्सिर उर्फ मुदस्सरी, तुराब उर्फ उमर खत्ताब उर्फ मलंग और मुहम्मद हुसैन उर्फ मुआज नाम के तीन वांटेड आतंकियों को ढेर कर दिया। तीनों आतंकवादी पुलिस अधिकारी कामरान, नुसरत, सिकंदर और एएसआई असगर समेत कई कानूनी अधिकारियों की हत्या के मामले में वांछित थे। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के अलावा भी कई आपराधिक वारदातों में इनकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।
 

दक्षिण कोरिया में भारी बारिश के बाद चार लोगों की मौत, 1300 लोगों को निकाला गया
 
दक्षिण कोरिया में भारी बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 1300 से अधिक लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। आंतरिक एवं सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को भारी बारिश के दौरान सियोल के दक्षिण में ओसान में एक ओवरपास की दीवार ढह जाने से एक कार मिट्टी और कंक्रीट में दब गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गुरुवार को दक्षिणी क्षेत्रों में एक डूबी हुई कार, एक नाले और एक बाढ़ग्रस्त तहखाने में तीन अन्य लोग मृत पाए गए। भारी बारिश के कारण 1,382 लोगों को अपने घरों से निकालना पड़ा है। जबकि 46 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed