World: मिस्र में ट्रक-बस की टक्कर, 19 लोगों की मौत; तिरुवनंतपुरम में फंसा विमान, UK के इंजीनियर करेंगे मरम्मत
मिस्र में ट्रक और माइक्रोबस की टक्कर में 19 लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग बच गए। घायलों समेत पीड़ितों को जनरल एशमौन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माइक्रोबस नील डेल्टा गवर्नरेट मेनौफिया के एशमौन शहर में शुक्रवार को माइक्रोबस नील डेल्टा गवर्नरेट मेनौफिया के एशमौन शहर में एक क्षेत्रीय सड़क पर श्रमिकों को ले जा रही थी, तभी दुर्घटना हुई। श्रम मंत्री मोहम्मद गेब्रान ने अधिकारियों को मृतकों के परिवारों को 200,000 मिस्र पाउंड (3.45 लाख रुपये) और हर घायल व्यक्ति को 20,000 मिस्र पाउंड (34539 रुपये) मुआवजा देने का निर्देश दिया। मेनौफिया के गवर्नर इब्राहिम अबू लेमन ने कहा, दुर्घटना के कारणों की तत्काल जांच की जाएगी। उन्होंने परिवहन मंत्रालय से क्षेत्रीय सड़क पर सुरक्षा उपायों का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए कहा।
ब्रिटेन की इंजीनियरिंग टीम के विशेषज्ञ उपकरणों के साथ केरल आएंगे
भारत के केरल में फंसे विमान के मामले में ब्रिटिश उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा, ब्रिटेन का एक F-35B विमान इंजीनियरिंग से जुड़ी परेशानी होने के बाद तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर है। विमान की मरम्मत का इंतजार है। ब्रिटेन ने विमान को हवाई अड्डे पर रखरखाव मरम्मत और ओवरहाल सुविधा में ले जाने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। ब्रिटेन की इंजीनियरिंग टीम के विशेषज्ञ उपकरणों के साथ केरल आएंगे। इसके बाद विमान को हैंगर में ले जाया जाएगा। ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा, 'हम सुनिश्चित करेंगे कि अन्य विमानों के निर्धारित रखरखाव में न्यूनतम व्यवधान हो। मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान सक्रिय सेवा में वापस आ जाएगा। सुरक्षा सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ग्राउंड टीमें भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। ब्रिटेन ने भारतीय अधिकारियों और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया है।
अदाणी के मामले में USSEC ने अदालत को सौंपी रिपोर्ट
अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) ने न्यूयॉर्क की एक अदालत को सौंपी स्थिति रिपोर्ट में कहा है कि वह भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके भतीजे को समन भेजने की कोशिश में लगातार जुटा हुआ है। यह मामला पिछले साल दायर एक दीवानी प्रतिभूति मामले से जुड़ा हुआ है। अमेरिकी बाजार नियामक ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क के पूर्वी जिले के अमेरिकी जिला न्यायालय के मजिस्ट्रेट न्यायाधीश जेम्स आर चो को सूचित किया कि वह 'हेग सेवा संधि' के नियमों के तहत गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी को समन और शिकायत औपचारिक रूप से भेजने के लिए काम कर रहे हैं।
ट्रंप प्रशासन ने टेक्सास के दक्षिणी हिस्से में सीमा पर सेना की भूमिका बढ़ाई
अमेरिका के रक्षा विभाग ने अमेरिका-मेक्सिको की सीमा पर एक और हिस्सा सेना के नियंत्रण में दे दिया है। अब वहां तैनात सैनिकों को यह अधिकार है कि अगर कोई बिना इजाजत सीमा पार करता है, तो उसे गिरफ्तार कर सकें और फिर पुलिस को सौंप सकें। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया था। इसके बाद अब वायु सेना ने सोमवार को टेक्सास की सीमा के 250 मील (करीब 400 किलोमीटर) के हिस्से को राष्ट्रीय रक्षा क्षेत्र घोषित कर दिया है। यह हिस्सा टेक्सास के दो जिलों में फैला है और इसमें ब्राउन्सविले और मैकलेन जैसे शहर शामिल हैं। इसे सैन एंटोनियो सैन्य अड्डे (जॉइंट बेस सैन एंटोनियो) का हिस्सा माना जाएगा। वायु सेना ने कहा है कि वह जल्द ही यहां चेतावनी वाले साइन बोर्ड लगाएगी ताकि लोग जान सकें कि यह एक सैन्य इलाका है।
न्यू मेक्सिको की जेल में खसरे का प्रकोप, पांच कैदी संक्रमित
न्यू मेक्सिको राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को बताया कि वहां की काउंटी डिटेंशन सुविधा में बंद पांच लोगों को खसरा है। यह मामला न्यू मेक्सिको के डेमिंग शहर में स्थित लूना काउंटी डिटेंशन सेंटर का है, जहां करीब 400 कैदी बंद हैं और 100 कर्मचारी हैं। स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि जेल में बंद लोगों को खसरे का टीका मिला है या नहीं। साथ ही उन्हें जांच किट और जरूरी उपकरण भी दिए जा रहे हैं।
अमेरिका ने ग्वाटेमाला और होंडुरास के साथ शरणार्थियों को लेने का समझौता किया
ग्वाटेमाला और होंडुरास ने अमेरिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत, अब ये देश उन लोगों को शरण देंगे, जो पहले अमेरिका में शरण मांगने की सोचते थे। यह जानकारी अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने दी। वह इस समय मध्य अमेरिका के दौरे पर हैं। क्रिस्टी नोएम ने कहा कि इस समझौते से लोगों को अमेरिका के अलावा किसी और सुरक्षित देश में रहने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि अमेरिका इन समझौतों को लागू करवाने के लिए ग्वाटेमाला और होंडुरास पर कई महीनों से दबाव बना रहा था। उन्होंने कहा, 'अब से होंडुरास और ग्वाटेमाला ऐसे देश होंगे, जो दूसरे देशों से आए लोगों को शरण देंगे और उन्हें शरणार्थी का दर्जा भी देंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका कभी नहीं चाहता था कि वह शरणार्थियों के लिए एकमात्र विकल्प हो। जरूरी यह है कि उन्हें किसी भी सुरक्षित जगह शरण मिले, चाहे वह अमेरिका हो या कोई और देश।
जापान के न्याय मंत्रालय ने कहा कि टोक्यो में अपने अपार्टमेंट में नौ लोगों की हत्या और शवों के टुकड़े-टुकड़े करने के मामले में दोषी ठहराए गए एक व्यक्ति को शुक्रवार को फांसी दे दी गई। ट्विटर किलर ताकाहिरो शिराशी को 2017 में नौ लोगों की हत्या के लिए 2020 में मौत की सजा सुनाई गई थी। इनमें से ज्यादातर ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या के विचार पोस्ट किए थे। उसे महिला पीड़ितों का यौन शोषण करने का भी दोषी ठहराया गया था। शिराइशी को टोक्यो डिटेंशन हाउस में अत्यंत गोपनीयता के साथ फांसी दी गई। पुलिस ने 2017 में उसके अपार्टमेंट में कोल्ड स्टोरेज केस में आठ महिलाओं और एक पुरुष के शव मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्वात नदी में बाढ़ में शुक्रवार को एक ही परिवार के कम से कम अठारह सदस्य डूब गए। बचाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू 1122 के महानिदेशक शाह फहद ने कहा कि बचाव अभियान पांच अलग-अलग स्थानों पर चलाया जा रहा है। 80 कर्मी तलाशी अभियान में भाग ले रहे हैं। यह परिवार इस क्षेत्र में घूमने आए पर्यटकों के एक समूह का हिस्सा था और भारी बारिश के कारण नदी में बढ़ते पानी में फंस गया था। स्वात पाकिस्तान के ख़ैबर-पख़्तूनख़्वा प्रांत के उत्तरी क्षेत्र में बहने वाली एक बारहमासी नदी है।
यूनेस्को के सामाजिक एवं मानव विज्ञान क्षेत्र की एआई इकाई के नैतिकता प्रमुख इराकली खोडेली ने कहा कि यूनेस्को तकनीकी नवाचार के साथ सामाजिक और आर्थिक मुद्दों के समाधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभाव पर भारत के साथ काम कर रहा है। भारत को अगले साल की शुरुआत में एआई प्रभाव पर वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करनी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल परिवर्तन के मामले में तथा तकनीकी नवाचार और सही नीति के साथ कुछ सामाजिक और आर्थिक मुद्दों के समाधान के मामले में भारत शेष विश्व के लिए एक चमकता सितारा है। दुनिया इस बारे में जानने के लिए भारत की ओर देख रही है। यह अगले साल के शिखर सम्मेलन का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि एआई के प्रभाव को प्रदर्शित करने के लिए कार्रवाई की जाए। हमें उम्मीद है कि हम भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे क्योंकि हम अगले साल की शुरुआत में भारत द्वारा आयोजित एआई प्रभाव पर वैश्विक शिखर सम्मेलन की तैयारी शुरू कर रहे हैं।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो 1 जुलाई को वाशिंगटन डीसी में क्वाड देशों- ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे। यह जानकारी बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने दी। प्रेस ब्रीफिंग में पिगॉट ने कहा, 'अगले हफ्ते, विदेश मंत्री रुबियो 1 जुलाई को क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे। यह बैठक इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाने के हमारे लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी। यही अमेरिकी नेतृत्व की पहचान है- ताकत, शांति और समृद्धि।'
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को अमेरिका द्वारा मेक्सिको के तीन बैंकों पर लगाए गए प्रतिबंधों की निंदा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इन बैंकों पर धन शोधन के जो आरोप लगाए हैं, उनके लिए अभी तक कोई सबूत नहीं दिया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने बुधवार को सीआईबैंको, इंटरकैम बैंको और वेक्टर कासा डी बोल्सा पर प्रतिबंध लगाए। इन पर आरोप है कि इन्होंने मेक्सिकन ड्रग माफिया को करोड़ों डॉलर का धन हस्तांतरण की सुविधा प्रदान की है। लेकिन राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने बार-बार पूछे जाने पर भी ये नहीं बताया कि आखिर क्या सबूत हैं कि इन बैंकों ने कोई गलत काम किया है। उन्होंने कहा, 'ट्रेजरी विभाग ने कोई सबूत नहीं दिया कि मनी लॉन्ड्रिंग हुई थी। हम किसी को बचा नहीं रहे, लेकिन अगर उन्होंने आरोप लगाए हैं तो उन्हें सबूत भी देने चाहिए।'