फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global even

World: यूएन गाजा में 170000 मीट्रिक टन सहायता भेजने को तैयार; श्रीलंका में 47 भारतीय मछुआरे गिरफ्तार

Thu, 09 Oct 2025 01:26 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 09 Oct 2025 01:26 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global even
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

श्रीलंका की नौसेना ने गुरुवार को 47 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी पांच ट्रॉलर बोट जब्त कर ली हैं। यह कार्रवाई उत्तरी श्रीलंका के तलाईमन्नार क्षेत्र में की गई, जहां मछुआरों पर श्रीलंका की समुद्री सीमा में ग़ैरक़ानूनी तरीके से मछली पकड़ने का आरोप है। नौसेना ने बताया कि यह गिरफ्तारियां मन्नार और डेल्फ्ट समुद्री क्षेत्रों में चलाए गए समन्वित गश्ती अभियान के दौरान की गईं। यह ऑपरेशन बुधवार रात से शुरू होकर गुरुवार सुबह तक चला।

विज्ञापन

श्रीलंका नौसेना के प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपथ ने बताया कि पकड़े गए मछुआरों और जब्त बोट्स को उत्तर श्रीलंका के मत्स्य विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा। गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका के बीच मछुआरों का मुद्दा लंबे समय से विवाद का विषय बना हुआ है। कई बार श्रीलंकाई नौसेना पर भारतीय मछुआरों पर गोली चलाने और उनकी नाव जब्त करने के आरोप लगे हैं।

विज्ञापन

पिछले महीने भी 12 भारतीय मछुआरों को जाफना के पास गिरफ्तार किया गया था। भारतीय अधिकारियों की ओर से अब तक इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन ऐसी घटनाएं दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर तनाव का कारण बनती रही हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


हम गाजा में 170000 मीट्रिक टन सहायता भेजने को तैयार: टॉम फ्लेचर
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के अवर महासचिव  टॉम फ्लेचर ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि अधिकारियों के पास दवाओं, सहायता और अन्य आवश्यक सामान के 1,70,000 मीट्रिक टन तैयार हैं, जिन्हें हरी झंडी मिलने पर गाजा भेजा जाएगा। फ्लेचर ने कहा, हम पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समझौते से दोनों पक्षों से कोई भी पीछे नहीं हटना चाहिए।

उन्होंने 60 दिनों के लिए प्रस्तावित संघर्षविराम की योजना का भी जिक्र किया, जिसमें रोजाना सैकड़ों ट्रकों के माध्यम से सहायता सामग्री की आपूर्ति बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा, हम गाजा में खाद्य आपूर्ति बढ़ाएंगे ताकि 21 लाख लोगों तक भोजन सहायता पहुंचाई जा सके और लगभग पांच लाख लोगों को पोषण सहायता मिल सके। 

पौलेंड: रूस के लिए जासूसी के आरोप में पूर्व कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज
वारसॉ नगर परिषद के जन्म, विवाह और मृत्यु पंजीकरण कार्यालय के एक पूर्व कर्मचारी पर रूस को जासूसी में मदद करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पोलैंड की अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पोलैंड की घरेलू सुरक्षा एजेंसी ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि इस व्यक्ति की पहचान पोलैंड के गोपनीयता कानूनों के तहत तोमाश एल. के रूप में की गई है। उस पर जासूसी और अपने पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति 2017 से 2022 के बीच रूस को खुफिया जानकारी देता रहा, जब वह वारसॉ नगर पालिका के नागरिक पंजीकरण कार्यालय के अभिलेखागार में काम कर रहा था। 

अभियोजकों के मुताबिक, तोमाश एल. ने पोलिश और विदेशी नागरिकों के दस्तावेज की प्रतिलिपि रूस को दी, जिससे रूसी खुफिया एजेंसियां विदेश में अपने एजेंटों के लिए फर्जी पहचान पत्र बना सकीं। पोलैंड की सुरक्षा एजेंसियों ने तोमाश एल. को मार्च 2022 में गिरफ्तार किया था। पोलैंड के एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी से अधिकारियों को ऐसे सबूत मिले, जिनके आधार पर उसी महीने रूसी राजनयिकों को देश से निकाल दिया गया था।

खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकियों को किया ढेर
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक बड़े ऑपरेशन में कुख्यात आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 5 आतंकियों को मार गिराया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह संयुक्त ऑपरेशन बुधवार को सेना और पुलिस द्वारा चलाया गया था, जिसमें एक आर्मी मेजर की भी मौत हो गई। ऑपरेशन डेरा इस्माइल खान जिले के मूसा ज़ई इलाके में चलाया गया, जो दक्षिण वज़ीरिस्तान की सीमा से लगा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को पहले से जानकारी थी कि यहां टीटीपी के आतंकी छिपे हुए हैं। मारे गए आतंकी टीटीपी के गंडापुर ग्रुप से जुड़े थे।

यह कार्रवाई उस दिन के ठीक बाद हुई जब मंगलवार को एक अन्य ऑपरेशन में 11 पाकिस्तानी सैनिक, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर भी शामिल थे, तालिबान आतंकियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। गौरतलब है कि नवंबर 2022 में टीटीपी द्वारा सरकार के साथ संघर्षविराम तोड़ने के बाद से पाकिस्तान खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी से बढ़ोतरी देख रहा है। आतंकी सुरक्षा बलों और कानून व्यवस्था से जुड़े लोगों को निशाना बना रहे हैं।

कांगो में इबोला के नए मामले नहीं मिले: डब्ल्यूएचओ
दक्षिणी कांगो में फैले इबोला वायरस पर अब नियंत्रण के संकेत दिखाई दे रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि 1 अक्तूबर के बाद से कोई नया मामला सामने नहीं आया है। डब्ल्यूएचओके अनुसार, 5 अक्तूबर तक पिछले 10 दिनों में संक्रमण के कोई नए मामले दर्ज नहीं हुए, जिससे संकेत मिलता है कि प्रभावित इलाकों में संक्रमण की श्रृंखला अब टूट रही है।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, अब तक कुल 64 मामले (53 की पुष्टि और 11 संदिग्ध) दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 43 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि बेहतर लॉजिस्टिक्स, हेलिकॉप्टर से मेडिकल सप्लाई, ग्राउंड डिलीवरी और तीन स्वास्थ्य केंद्रों के डी-कंटेमिनेशन जैसी कार्रवाइयों से संक्रमण पर काबू पाया जा सका है। हालांकि डब्ल्यूएचओ ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है क्योंकि लगभग 2,000 संपर्कों पर नजर रखी जा रही है और एक भी छूटा हुआ मामला संक्रमण को फिर से फैला सकता है।
 

गाजा तक सहायता पहुंचाने वाले दक्षिण अफ़्रीकी कार्यकर्ताओं  का आरोप- इस्राइल ने किया कड़ा रवैया
 गाजा तक सहायता पहुंचाने के प्रयास में इस्राइल द्वारा हिरासत में लिए गए छह दक्षिण अफ़्रीकी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कहा कि उन्हें अन्य कैदियों की तुलना में अधिक कठोर व्यवहार झेलना पड़ा। उनका आरोप है कि इस बर्ताव का कारण दक्षिण अफ़्रीका का इस्राइल पर जेनेवा में नरसंहार का मुकदमा चलाना था।
इस समूह में साउथ अफ्रीका के एन्टी-अपार्थेड आइकन नेल्सन मंडेला के पोते मंडला मंडेला भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब इस्राइली सुरक्षा कर्मियों ने उनके पासपोर्ट देखे और उनकी राष्ट्रीयता जानी, तो उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया गया। दो मुस्लिम महिलाओं ने बताया कि उनके हिजाब फाड़ दिए गए और उन्हें सैनिकों के सामने नग्न होने के लिए मजबूर किया गया।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ़्रीका ने 2023 में संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च अदालत में इस्राइल के खिलाफ गाजा में नरसंहार का मुकदमा दायर किया था।  

भारतीय सरकारी तेल खरीदारों से रूसी तेल व्यापारी कर रहे युआन में भुगतान की मांग
 रूसी तेल बेचने वाले कुछ ट्रेडर्स यानी व्यापारी अब भारत की सरकारी तेल कंपनियों से चीनी मुद्रा युआन में भुगतान करने की मांग कर रहे हैं। व्यापार सूत्रों के मुताबिक, वे नई दिल्ली और बीजिंग के बीच हाल में बेहतर होते रिश्तों को देखते हुए इस मौके का फायदा उठाकर भारतीय खरीदारों के साथ सौदे आसान बनाना चाहते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भारत की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने हाल ही में रूसी तेल कार्गो यानी दो से तीन खेप रूसी तेल की कीमत चीनी युआन में चुकाई है। यह युआन में भुगतान का एक दुर्लभ मामला है। साल 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों के लगाए गए प्रतिबंधों ने तेल व्यापार में वैकल्पिक मुद्राओं जैसे युआन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) यूएई दिरहम के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया है। पहले ये तेल व्यापार लगभग पूरी तरह अमेरिकी डॉलर में होता था।  

ह्यूस्टन में दो जगहों पर गोलीबारी, चार की मौत 
अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में बुधवार को हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें हमलावर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पहली वारदात दोपहर लगभग 1 बजे शुगर लैंड उपनगर में हुई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी कार से दूसरी गाड़ी पर गोली चलाई। घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह रोड रेज (सड़क विवाद) का मामला था या नहीं।

करीब आधे घंटे बाद ह्यूस्टन शहर के एक मैकेनिक वर्कशॉप में दूसरी गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस अधिकारी लेरी क्रॉसन के अनुसार, हमलावर ने एक मैकेनिक और एक गवाह को गोली मारी। गवाह उस समय घटना का वीडियो बना रहा था।

जांच में दोनों घटनाओं में शामिल वाहन और हमलावर के विवरण समान थे। कुछ समय बाद पुलिस ने हमलावर को उसकी गाड़ी में मृत पाया। अधिकारियों का मानना है कि उसने खुद को गोली मार ली।

 सीरिया में लापता हजारों लोगों की तलाश तेज 
 सीरिया में वर्षों से लापता हजारों लोगों का पता लगाने के लिए संयुक्त राष्ट्र की संस्था ने कहा है कि वह नई सीरियाई सरकार के साथ मिलकर काम करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। संयुक्त राष्ट्र की सहायक महासचिव कार्ला क्विंटाना, जो 2023 में गठित सीरिया में लापता व्यक्तियों की स्वतंत्र संस्था (IIMP-Syria) की प्रमुख हैं, ने बताया कि यह संस्था जनवरी 2025 में पहली बार सीरिया में प्रवेश कर सकी। यह तब हुआ जब राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से हटाया गया था। क्विंटाना ने कहा कि अब सबसे बड़ी चुनौती मई 2025 में गठित सीरियाई आयोग के साथ समन्वय स्थापित करना है, जो लापता व्यक्तियों की खोज के लिए बना है।
 

भूटान में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 3.1 मापी गई
 भूटान में गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र  के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.1 दर्ज की गई। भूकंप सुबह 4 बजकर 29 मिनट (भारतीय समयानुसार) आया और इसकी गहराई सिर्फ 5 किलोमीटर थी, जिससे क्षेत्र में आफ्टरशॉक की संभावना बनी हुई है।

रेबेका ग्रिनस्पैन संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए नामित
कोस्टा रिका ने अपने लंबे समय से सक्रिय कूटनीतिज्ञ और पूर्व उपराष्ट्रपति रेबेका ग्रिनस्पैन को संयुक्त राष्ट्र का अगला महासचिव बनने के लिए उम्मीदवार के रूप में नामांकित किया है। ग्रिनस्पैन वर्तमान में जेनेवा स्थित यूएन ट्रेड एंड डेवलपमेंट के महासचिव हैं और उन्हें यूक्रेन-रूस युद्ध के दौरान अनाज को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के संयुक्त राष्ट्र प्रयास में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रॉड्रिगो चावेस ने वीडियो संदेश में कहा कि ग्रिनस्पैन का अनुभव और विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा क्षेत्रीय नेतृत्व में योगदान बहुपक्षवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उनका नामांकन आने वाले हफ्तों में संयुक्त राष्ट्र में औपचारिक रूप से दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed