फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi

World: पाकिस्तान के पंजाब से बस और वैन की टक्कर में 15 की मौत; वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर

Thu, 01 Jan 2026 11:26 PM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 01 Jan 2026 11:26 PM IST
विज्ञापन
World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कहा है कि देश की सीमा और संप्रभुता का किसी भी तरह से उल्लंघन किया गया तो उसका कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह बात बलूचिस्तान पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान कही। मुनीर ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की बात दोहराई और बलूचिस्तान में हिंसा व अशांति खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।

विज्ञापन

उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की और शांति बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बीच मुस्लिम दुनिया में एकता और आपसी समझ बेहद अहम है। दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को और मजबूत करने पर भी सहमति जताई।

विज्ञापन

वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर, लोग बेघर
वेस्ट बैंक के नूर शम्स शरणार्थी शिविर में बुधवार को फलस्तीनी अपने घरों को इस्राइली बुलडोजरों से टूटते हुए देखते रहे। यह कार्रवाई इस्राइली सेना की उस मुहिम का हिस्सा है, जो करीब एक साल से उत्तरी वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में चल रही है। मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान नूर शम्स, जेनिन और तुलकरम शिविरों में अब तक 850 से ज्यादा इमारतें पूरी तरह ढहाई जा चुकी हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और वे रिश्तेदारों के यहां या किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


सेना ने वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में कई घरों को गिरा दिया। बुलडोजर कार्रवाई के चलते हजारों फलस्तीनी परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। लोग इस कार्रवाई को दर्दनाक और अन्यायपूर्ण बता रहे हैं। इस्राइल का कहना है कि यह कार्रवाई हथियारबंद समूहों के खिलाफ है और सेना के रास्ते साफ करने के लिए घर तोड़े जा रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोग इसे घरों और यादों के उजड़ने का दर्द बता रहे हैं।

पाकिस्तान के पंजाब से बस और वैन की टक्कर में 15 लोगों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना लाहौर से 200 किलोमीटर दूर अड्डा फकीर दी कुल्ली क्षेत्र में हुई। यहां यात्री बस और वैन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। मृतकों में यूनिवर्सिटी के कई युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। फैसलाबाद के उपायुक्त अली अकबर भिंडर के अनुसार यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज (यूवीएएस) के छात्र और खिलाड़ी खेल में हिस्सा लेने के लिए बस से लाहौर जा रहे थे। रास्ते में संकरे मार्ग पर सामने से आ रही यात्री वैन बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि 15 लोगों की जान जा चुकी है। 25 लोग घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 5 की स्थिति नाजुक है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं और जिला प्रशासन से इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

ममदानी सबवे स्टेशन में लेंगे न्यूयॉर्क मेयर पद की शपथ
जोहरान ममदानी 2026 की शुरुआत के साथ न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। गुरुवार को उनके दो शपथ ग्रहण समारोह होंगे। पहला निजी समारोह आधी रात को मैनहट्टन के एक ऐतिहासिक सबवे स्टेशन ओल्ड सिटी हॉल में होगा। इसके बाद दोपहर में सिटी हॉल के बाहर एक सार्वजनिक ब्लॉक पार्टी और बड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा। ममदानी को न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स शपथ दिलाएंगी।

भारत-ब्राजील के संबंधों में जुड़ेगा नया अध्याय फरवरी में आएंगे राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला
भारत के साथ आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा फरवरी के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली की महत्वपूर्ण यात्रा पर आ रहे। सबसे खास बात है कि लूला के साथ ब्राजील का अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल आएगा, जो एशिया में ब्राजील की बढ़ती दिलचस्पी का स्पष्ट संकेत है।

दोनों देशों ने आपसी व्यापार को 1.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। ब्राजील के उद्योगपतियों के लिए भारत ड्रीम मार्केट बन चुका है। इस दौरे का मुख्य फोकस उर्वरक, कृषि तकनीक, दलहन, कपास और पोल्ट्री जैसे क्षेत्रों पर रहेगा। ब्राजील को भारत में न केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार दिखता है, बल्कि उच्च तकनीक और निवेश के नए अवसर भी नजर आ रहे हैं। व्यापार से इतर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच संस्कृति, पर्यटन और खेल जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। मर्कोसुर-भारत व्यापार समझौते के विस्तार पर भी काम चल रहा है, जो न केवल टैरिफ कम करेगा बल्कि व्यापार की अन्य बाधाओं को भी दूर करेगा। यह यात्रा दक्षिण-दक्षिण सहयोग के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।

अमेरिका: गलत सजा काट रहे शख्स को मिली माफी
अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में एक व्यक्ति को उसकी सजा अवैध पाए जाने के बाद राज्यपाल ने माफी दे दी है। यह फैसला उसके भाई को इसी तरह की राहत मिलने के कुछ हफ्तों बाद आया। मॉरिस टेलर को तय कानून से कहीं ज्यादा सजा दी गई थी। राज्यपाल टेट रीव्स ने कहा कि कानून के मुताबिक यह सजा गलत थी और न्याय के हित में उसे रिहा किया जा रहा है। आदेश के अनुसार मॉरिस टेलर को पांच दिन के भीतर जेल से छोड़ा जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि अगर किसी एक व्यक्ति के साथ भी अन्याय होता है, तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।

सीरिया: नए साल की पूर्व संध्या पर आत्मघाती हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में नए साल की पूर्व संध्या पर हुए आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया के अनुसार, आंतरिक सुरक्षा बलों की एक टीम बाब अल-फराज इलाके में संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

अलेप्पो के गवर्नर ने बताया कि पुलिसकर्मी नए साल के जश्न की सुरक्षा में तैनात थे। एक अधिकारी ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने कहा कि हालात काबू में हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर एक ईसाई बहुल इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था।

भारत के चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का चीन ने माना लोहा
दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में भारत की ऐतिहासिक छलांग का लोहा चीन ने भी माना है। चीन ने जापान को पीछे छोड़कर भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने को असली ताकत बताया और भारत को बधाई भी दी। चीन ने आधिकारिक वक्तव्य में कहा, भारत ने जिस तरह घरेलू चुनौतियों का प्रबंधन करते हुए वैश्विक आपूर्ति शृंखला में जगह बनाई है, वह उसकी असली ताकत को दर्शाता है। यह पहली बार है, जब बीजिंग ने भारत के आर्थिक उदय को इतने स्पष्ट शब्दों में सराहा व वैश्विक स्थिरता के लिए जरूरी बताया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत का उदय दर्शाता है कि सच्ची शक्ति इतिहास का ईमानदारी से सामना करने, उससे सीखने और भविष्य की जिम्मेदारी लेने से ही आती है।

एच-1बी पर 89.88 लाख रुपये शुल्क की कानूनी लड़ाई तेज हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एच-1बी वीजा आवेदन पर लगाए गए 89.88 लाख रुपये के भारी-भरकम शुल्क को लेकर कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है। यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जिला कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें इस वृद्धि को सही ठहराया गया था। दिसंबर के अंत में जिला जज बेरिल हॉवेल ने कहा था, राष्ट्रपति के पास शुल्क बढ़ाने का कानूनी अधिकार है। चैंबर ऑफ कॉमर्स का तर्क है कि यह वृद्धि संघीय आव्रजन कानून का उल्लंघन है। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि एक सख्त रुख रखने वाली जज ने भी ट्रंप प्रशासन के पक्ष में फैसला सुनाया है, इसलिए अब ऊपरी अदालत में इसे पलटना एक कठिन चुनौती होगी।

ट्रंप प्रशासन ने वॉशिंगटन के तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स का लीज रद्द किया
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन ने तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स की लीज रद्द कर दी है। इन कोर्सों का संचालन पिछले पांच साल से एक गैर-लाभकारी संस्था कर रही थी। अमेरिकी गृह विभाग का कहना है कि संस्था लीज की शर्तों के मुताबिक जरूरी सुधार कार्य नहीं कर पाई, इसलिए यह फैसला लिया गया। वहीं, संस्था ने दावा किया कि उन्होंने कोर्सों के विकास पर लाखों डॉलर खर्च किए और खेल व आमदनी दोनों बढ़ी।

फिलहाल संस्था को अस्थायी रूप से संचालन जारी रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन बड़े स्तर पर सुधार कार्य रोक दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजधानी के एक और सार्वजनिक स्थल पर अपनी छाप छोड़ने का मौका मिल सकता है।

थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई युद्धबंदियों को किया रिहा
थाईलैंड ने बुधवार को कंबोडिया के 18 युद्धबंदियों को रिहा कर दिया। यह कदम दोनों देशों के बीच सीमा पर जारी खूनी संघर्ष को खत्म करने के लिए हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत उठाया गया है। इन सैनिकों को चंतबुरी और पैलिन प्रांत के बीच स्थित सीमा चौकी पर रिहा किया गया। थाई विदेश मंत्रालय ने इसे विश्वास बहाली और मानवीय सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। वहीं, कंबोडिया ने कहा कि इस कदम से शांति और स्थिरता का माहौल बनेगा।

इंडोनेशिया: माउंट ज्वालामुखी को लेकर अलर्ट, निकासी शुरू
इंडोनेशियाई अधिकारियों ने आचे प्रांत में माउंट नी तेलोंग ज्वालामुखी के लिए अब तक का दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंगलवार शाम को ज्वालामुखी के क्षेत्रों के आसपास भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ज्वालामुखी के सक्रिय होने का डर है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और भूकंपीय हलचल से खतरनाक गैसें और विस्फोट हो सकते हैं। लोगों को क्रेटर से 4 किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी गई है। ज्वालामुखी के पास स्थित तीन गांवों से लोगों को निकाला जा रहा है।

तुर्किये में इस्लामिक स्टेट के 125 संदिग्ध गिरफ्तार
तुर्किये पुलिस ने नए साल के जश्न से पहले देशभर में अभियान चलाकर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 125 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बुधवार को 25 प्रांतों में एक साथ छापे मारकर इन्हें पकड़ा गया। गृह मंत्री अली येरलिकाया के अनुसार, इस्तांबुल, अंकारा और इजमिर जैसे बड़े शहरों में यह कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि पिछले हफ्ते भी सैकड़ों संदिग्ध पकड़े गए थे। सोमवार को यालोवा प्रांत में एक मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी और तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे। मारे गए सभी आतंकी तुर्किये के नागरिक थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed