Israel: 'हमारा दम घुट रहा', हमास के हमले में मारे जाने से पहले इस्राइली-अमेरिकी परिवार का आखिरी संदेश वायरल
Israel: शुरुआत में जब हमास के रॉकेट गिरने लगे तो परिवार भागकर एक सुरक्षित कमरे में चला गया। उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज किए कि वे सुरक्षित हैं। तमार ने व्हाट्सएप पर लिखा, 'हाय दोस्तों, हम अपने घर के शेल्टर में आ गए हैं, हम सब ठीक हैं।'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करीब एक सप्ताह पहले दक्षिण इस्राइल में नोवा फेस्टिवल के दौरान हमास के बंदूकधारियों की ओर से हमला किया गया था। इस हमले के बाद इस्राइली सेना जहां गाजा में आतंकी संगठन के ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई कर रही है। वहीं, हमास के हमले में मारे गए लोगों की दर्दनाक कहानियां अब सामने आ रही हैं। इसी तरह एक इस्राइली-अमेरिकी परिवार के मारे जाने से पहले के अंतिम टेक्सट मैसेज इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं।
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, योनातन केडेम सिमन तोव, उनकी पत्नी तमार केडेम-सिमन तोव और उनके तीन छोटे बच्चे (छह वर्षीय जुड़वां बेटियां शहर व अर्बेल और चार वर्षीय बेटा ओमर), साथ ही उनकी मां कैरोल सिमन तोव (70 वर्षीय) सभी गाजा के बाहर नीर ओज किबुट्ज में मारे गए।
'द टाइम्स ऑफ इस्राइल' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में जब हमास के रॉकेट गिरने लगे तो परिवार भागकर एक सुरक्षित कमरे में चला गया। उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज किए कि वे सुरक्षित हैं। तमार ने व्हाट्सएप पर लिखा, 'हाय दोस्तों, हम अपने घर के शेल्टर में आ गए हैं, हम सब ठीक हैं।' लेकिन, एक घंटे बाद हमास के आतंकी इस सुरक्षित कमरे में घुस गए और उन पर गोलीबारी करने लगे।
योनातन केडेम सिमन तोव ने मारे जाने से कुछ क्षण पहले अपनी बहन राने बटलर को मैसेज किया, 'वे (हमास के आतंकी) यहां हैं। वे हमें जला रहे हैं। हमारा दम घुट रहा है। इसके बाद मैसेज जल्द ही बंद हो गए।' उनके पारिवारिक मित्र यिशाई लाकोब ने फेसबुक पर पोस्ट किया, 'हमारा दिल टूट चुका है। एक पूरे परिवार को दुष्ट हत्यारों ने मार दिया गया है, बच्चों व माता-पिता को सिर्फ इसलिए गोली मार दी गई, क्योंकि वे यहूदी थे। इतने सारे लोगों के बीच यह सिर्फ एक कहानी है। यह असहनीय है।
द इंडिपेंडेंट के मुताबिक, योनातन सिमन तोव एक गेहूं किसान थे। जबकि तमार केडम-सिमन तोव एक सामुदायिक नेता थीं, जो एशकोल क्षेत्रीय परिषद की प्रमुख बनने की दौड़ में थीं। तमार ने क्षेत्रीय मुद्दों पर आंतरिक मंत्रालय के सलाहकार के रूप में भी काम किया था। वह कला और संगीत के लिए बिकुरिम यूथ विलेज की पूर्व निदेशक भी थीं, जो युवाओं के लिए एक बोर्डिंग स्कूल है।
हमास की ओर से सात अक्तूबर को अचानक हमला किया गया। दक्षिण इस्राइल में रॉकेटों की बौछार की गई थी। इसके बाद युद्ध शुरू हो गया। हमास के आतंकवादी हमले में तेरह सौ से ज्यादा इस्राइलियों को मौत हो गई। वहीं, इस्राइल ने गाजा में बमबारी कर जवाबी कार्रवाई की है, जिसमें गाजा में 2300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच, इस्राइली सेना ने उत्तरी गाजा में एक सुरक्षित गलियारा खोला है, ताकि निवासियों को समुद्र के किनारे के क्षेत्र के 'सुरक्षित' दक्षिणी भाग में जाने की अनुमति मिल सके। एक्स पर एक पोस्ट में इस्राइली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि वे रात 10 बजे से दोपहर एक बजे तक इस गलियारे पर कोई ऑपरेशन शुरू नहीं करेंगे।
आईडीएफ ने कहा, गाजा शहर और उत्तरी गाजा के निवासियों को हमने सुरक्षा के लिए दक्षिण क्षेत्र में स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि आईडीएफ रात दस बजे से दोपहर एक बजे तक इस गलियारे पर कोई ऑपरेशन नहीं करेगा।