Big news: दक्षिणी मिस्र में वाहन टकराए 17 की मौत, देश में 75000 स्टार्टअप, पढ़ें खास खबरें
शुरुआती जांच में हादसे के लिए छोटी बस के चालक की तेज गति को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। उसने दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश की लेकिन हादसा हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिणी मिस्र के सोहाग प्रांत में रेगिस्तानी सड़क पर एक बस और ट्रक की आपसी टक्कर में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सोहाग के गवर्नर तारेक अल-फिक्की ने बताया, घायलों को सार्वजनिक अस्पताल ले जाने के लिए 15 एंबुलेंस मौके पर भेजी गई हैं। उन्होंने कहा, शुरुआती जांच में हादसे के लिए छोटी बस के चालक की तेज गति को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। उसने दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश की लेकिन हादसा हो गया। बता दें, देश में नई सड़कों व पुलों का निर्माण जारी है ताकि हादसे रोके जा सकें।
नेपाल से भारत जा रहे विमान से सोना कारोबारी गिरफ्तार
मुंबई के लिए उड़ान भरने जा रहे नेपाल एयरलाइंस के आरए 320 विमान को आतंकी होने की कैलाली पुलिस की सूचना पर रोक लिया गया। विमान की दो घंटे तक जांच के बाद पुलिस ने एक सोना कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। नेपाल एयरलाइंस की प्रवक्ता अर्चना खड़का के अनुसार, बुधवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होने वाली उड़ान में 127 यात्री और चालक दल के 14 सदस्य थे। विमान के दरवाजे बंद हो चुके थे।
पुलिस मुख्यालय से पहुंची विशेष टीम ने विमान को रोका और सभी यात्रियों को उतारकर जांच की गई। इसके बाद दो संदिग्धों संतोष लामिछाने और मीना लामिछाने को हिरासत में लिया गया। दो घंटे बाद विमान रवाना हो गया। बाद में बताया गया कि कैलाली थाने में संतोष के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। उसके मुंबई जाने की सूचना पर पुलिस ने विमान रुकवाया था।
संजीव भट्ट ने उम्रकैद की सजा के निलंबन वाली याचिका वापस ली
गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में 30 साल पुराने हिरासत में मौत के मामले में उम्रकैद की सजा को निलंबित करने की मांग वाली अपनी याचिका वापस ले ली। भट्ट के वकील कपिल सिब्बल ने जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस बीवी नागरत्ना की पीठ को बताया कि गुजरात हाईकोर्ट दोष सिद्धि के खिलाफ उनकी अपील पर रोजाना सुनवाई कर रहा है। सिब्बल ने पीठ से याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी, जिस पर पीठ ने इजाजत दे दी। बता दें कि यह मामला प्रभुदास वैष्णानी की हिरासत में मौत से संबंधित है।
एनसीएसटी ने ओडिशा सरकार से आयोग के सदस्य पर हमले की जांच को कहा
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने क्योंझर जिले में उसके सदस्य अनंत नायक पर हुए जानलेवा हमले की जांच कराने के लिए ओडिशा सरकार को पत्र लिखा है।
ओडिशा के मुख्य सचिव सुरेश चंद्र महापात्र को लिखे पत्र में आयोग ने कहा है कि उसने नायक की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया है। नायक सांविधानिक पद पर है। उनकी यात्रा के दौरान जिला प्रशासन का रवैया उचित नहीं था। आयोग की तरफ से ऐसा ही पत्र राज्य के पुलिस महानिदेशक सुनील कुमार बंसल और अतिरिक्त महानिदेशक, सीबी-सीआईडी अरुण बोथरा को भेजा गया है। एनसीएसटी ने कहा कि उसे नायक के 28 जुलाई से दो अगस्त के दौरे के दौरान उन पर हमले की रिपोर्ट मिली है।
कार्बी आंगलांग में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
असम के कार्बी आंगलांग जिले में उग्रवादी संगठन कार्बी युनाइटेड लिबरेशन आर्मी (कुला) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें संगठन का स्वयंभू अध्यक्ष भी शामिल है। पुलिस ने बताया, बुधवार सुबह मांजा इलाके में एक अभियान चलाया गया। पुलिस को संगठन के सरगना डेनियल टेरॉन व अन्य सदस्यों के इलाके में आने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक पुष्पराज सिंह के मुताबिक पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में टेरॉन को गोली लगी। उसे दीफू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। हथियार व गोलियों के अलावा मोबाइल फोन के साथ कुछ दस्तावेज मौके से बरामद किए गए हैं।
आजादी के 75वें साल में देश में 75,000 स्टार्टअप : गोयल
एजेंसी, नई दिल्ली। सरकार के प्रयास और नीतियों में सुधार से देश में स्टार्टअप की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीषूय गोयल ने कहा कि आजादी के 75वें साल में भारत में 75,000 स्टार्टअप हैं। यह आंकड़ा उस दृष्टिकोण की ताकत की ओर इशारा कर रहा है, जो नवाचार और उद्योग की रफ्तार को बढ़ावा देंगे। उन्होंने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, स्टार्टअप के मोर्चे पर यह तो महज शुरुआत है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्टार्टअप पारिस्थितिकी बनना चाहता है। उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम में स्टार्टअप कंपनियों से भारत में सूचीबद्ध होकर विकास यात्रा में शामिल होने की अपील की।
कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने बुधवार को सिद्धारमैया को उनके 75वें जन्मदिन पर एक सभा में गले लगाया तो वहां मौजूद राहुल गांधी ने खुशी जताई। कर्नाटक में अगले साल विस चुनाव है, जिसके लिए कांग्रेस ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। राहुल ने कहा, कर्नाटक में भाजपा और आरएसएस को हराने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है।
बदले की राजनीति कर रही मोदी सरकार : जयराम
नेशनल हेराल्ड परिसर में यंग इंडियन का दफ्तर सील होने के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश, अजय माकन और अभिषेक सिंहवी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया। जयराम ने कहा, सोनिया गांधी, राहुल गांधी के घरों पर इस तरह चौकसी बढ़ा दी गई है जैसे वे कोई आतंकवादी हों। जयराम रमेश ने कहा, यह मोदी सरकार की बदले की राजनीति है।
अमरावती फार्मासिस्ट हत्याकांड में दो गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अमरावती के फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे के हत्या के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया। अभी तक इस मामले में कुल 9 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। एजेंसी को संदेह है कि गिरफ्तार आरोपी मौलवी मुशफिक अहमद (41) और अब्दुल अरबाज (23) ने हत्या के लिए धन जमा किया और अन्य अभियुक्तों को अपने यहां आश्रय दिया। महाराष्ट्र के अमरावती निवासी कोल्हे की 21 जून को भाजपा नेता नूपुर शर्मा के विवादित पोस्ट का समर्थन करने पर हत्या कर दी गई थी।
गूगल ने हटाए एक लाख से ज्यादा आपत्तिजनक कंटेंट
गूगल ने इस साल जून में 1,11,493 आपत्तिजनक कंटेंट (सामग्री) हटाए। भारत के नए आईटी नियम-2021 का पालन करते हुए कंपनी ने यह कदम उठाया है। जिन सामग्रियों को हटाया गया, उनमें अधिकांश कॉपीराइट उल्लंघन, ट्रेडमार्क, न्यायालयों के आदेश, धोखाधड़ी से जुड़ी थीं। गूगल को विभिन्न प्लेटफॉर्म पर बाहरी सामग्री के बारे में 32,717 शिकायतें मिली थीं। अपनी मासिक रिपोर्ट में गूगल ने कहा, उसे मिली शिकायतों में कुछ बौद्धिक संपदा अधिकार के उल्लंघन को लेकर थीं, जबकि कुछ अन्य मानहानि जैसी शिकायतें थीं। ऑटोमेटेड डिटेक्शन प्रोसेस के जरिए देशभर में 5,28,846 खातों को हटा दिया।
हावड़ा स्टेशन से 35 लाख की नकदी के साथ एक गिरफ्तार
बंगाल के हावड़ा स्टेशन में आरपीएफ ने एक व्यक्ति को भारी मात्रा में नकदी के साथ हिरासत में लिया है। आरपीएफ सूत्रों के मुताबिक बुधवार दोपहर को यह व्यक्ति चंबल एक्सप्रेस से हावड़ा स्टेशन में उतराकर बाहर जाने की कोशिश कर रहा था। आरपीएफ ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। आशंका होने पर उसे हिरासत में लेकर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग से 35 लाख रुपए नकद मिले। हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम राज कुमार सोनी है और वह मध्यप्रदेश के जबलपुर का रहने वाला है।
चीनी की न्यूनतम कीमत 36-37 रुपये रखी जाए
चीनी उद्योग के संगठन इस्मा ने खाद्य मंत्रालय से अपील की है कि चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 36 से 37 रखा जाए। अभी यह 31 रुपये है। इसने कहा है कि उत्पादन की लागत बढ़ रही है। इससे किसानों को गन्ने की सही कीमत नहीं मिल पा रही है।
वोडाफोन आइडिया को 7,295 करोड़ का घाटा
वोडाफोन आइडिया को अप्रैल-जून तिमाही में 7,295 करोड़ का घाटा हुआ है। एक साल पहले यह 7,312 करोड़ था। कंपनी ने बुधवार को बताया कि उसका राजस्व 10,410 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की तुलना में 13.7 फीसदी ज्यादा है।
इंडिगो को 1,064 करोड़ रुपये का घाटा
इंडिगो को जून तिमाही में 1,064 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। ईंधन की ऊंची कीमत और रुपये के कमजोर होने से घाटा हुआ। इस दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 13,019 करोड़ रही, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 3,170 करोड़ रुपये थी।
मवेशी तस्करी घोटाले में तृणमूल नेताओं के आवासों पर सीबीआई के छापे
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में कथित मवेशी घोटाले के मामले में बीरभूम जिले के स्थानीय तृणमूल नेताओं के घरों पर छापे मारे। ये छापे बीरभूम जिले के छह अलग-अलग स्थानों पर मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई की छह टीमों ने करीम खान और उनके करीबी जियाउल हक समेत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेताओं के इलमबाजार और नानूर स्थित आवासों पर अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने तृणमूल के बीरभूम अध्यक्ष अनुब्रत मंडल के सहयोगी एवं पत्थर कारोबारी टुडू मंडल के आवासों पर भी छापे मारे।
कच्चा तेल 1.3 फीसदी सस्ता धीमी गति से बढ़ेगा उत्पादन
मांग में नरमी से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंड क्रूड 1.3 फीसदी सस्ता होकर 99.20 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.28 डॉलर गिरकर 93.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। उधर, तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और उसके सहयोगी देशों ने बुधवार को सितंबर में उत्पादन पिछले महीनों की तुलना में धीमी गति से बढ़ाने का फैसला किया है।
यह निर्णय ऐसे समय किया गया है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण तेल के दाम चढ़े हुए हैं और आपूर्ति अस्थिर बनी हुई है। ओपेक और उसके सहयोगी देशों ने कहा, वे अगले महीने 1,00,000 बैरल प्रतिदिन उत्पादन बढ़ाएंगे। इससे पहले जुलाई और अगस्त में उत्पादन 6,48,000 बैरल प्रतिदिन बढ़ाने की बात कही गई थी। ओपेक प्रमुख मोहम्मद सानुसी बरकिंडो का पिछले माह निधन के बाद समूह की यह पहली आधिकारिक मासिक बैठक थी।
एयरटेल का दावा, देश में इसी महीने शुरू हो जाएगी 5जी सेवा
देश में 5जी की सेवा इसी महीने शुरू हो सकती है। बुधवार को एयरटेल ने इसकी घोषणा की। कंपनी ने कहा कि इसके लिए उसने नोकिया, सेमसंग और एरिक्सन के साथ साझेदारी की है। एयरटेल ने 5जी की नीलामी में 19,867.8 मेगाहर्ट्ज के स्पेक्ट्रम पर बोली लगाई थी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि देश में अक्तूबर तक पूरी तरह से 5जी सेवा चालू हो सकती है।