Brad Sherman: 70 वर्षीय अमेरिकी ने 36 साल के पाकिस्तानी सांसद को दिखाया आइना; कहा- जैश-ए-मोहम्मद पर नकेल कसें
पाकिस्तान से अमेरिका गए 36 साल के युवा सांसद बिलावल भुट्टो को 70 वर्षीय डेमोक्रेट सांसद ब्रैड शेरमन ने आतंकवाद के मुद्दे पर खरी-खरी सुनाई। उन्होंने बिलावल को आइना दिखाने का काम किया। शेरमन ने बिलावल की अगुवाई वाले पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल से दो टूक कहा, 'घृणित' आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद को खत्म कर पाकिस्तान को अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के हरसंभव उपाय करने चाहिए।'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के 70 वर्षीय सांसद ब्रैड शेरमन ने पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने आतंकी संगठन- जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा, अमेरिकी पत्रकार पर्ल का परिवार अब भी उनके जिले- कैलिफोर्निया में रहता है। भारत के साथ कश्मीर मुद्दे को सुलझाने का दिखावा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय विवाद बनाने की नाकाम कोशिश कर रहे बिलावल और अन्य पाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात के दौरान अमेरिकी सांसद शेरमन ने कहा, पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चिंता है। पाकिस्तान में रहने वाले ईसाइयों, हिंदुओं और अहमदिया मुसलमानों को हिंसा, उत्पीड़न, भेदभाव के बिना अपने धर्म का पालन करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भाग लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।
दरअसल, पाकिस्तानी सांसद बिलावल भुट्टो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका दौरे पर है। यहां उन्होंने डेमोक्रेट नेता और सांसद ब्रैड शेरमन से मुलाकात की। शेरमन ने बिलावल से आतंकवाद के मुद्दे पर बेबाकी से बात की। शेरमन ने बिलावल कहा कि पाकिस्तान में को 'घृणित' आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे दहशतगर्दों का यह संगठन खत्म किया जा सके। शेरमन ने ये भही कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।
पाकिस्तान में 23 साल पहले हुई अमेरिकी पत्रकार की हत्या का मुद्दा भी उठाया
शेरमन ने खुद इस मुलाकात का ब्यौरा एक्स हैंडल पर साझा किया। उन्होंने 2002 में अमेरिकी नागरिक डेनियल पर्ल की हत्या का भी जिक्र किया। बता दें कि बिलावल का दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब भारत से कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अगुवाई वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भी अमेरिका दौरे पर था।
बता दें कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने 2002 में अमेरिकी नागरिक व पत्रकार डेनियल पर्ल की कराची में हत्या कर दी थी। आतंकवादी उमर सईद शेख को 2002 में ही पर्ल के अपहरण और हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था। शेरमन ने पाकिस्तानी चिकित्सक डॉ. शकील अफरीदी की रिहाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि डॉ. अफरीदी को रिहा करना 9/11 के पीड़ितों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। बता दें कि ओसामा बिन लादेन को 2011 में मार गिराने में अमेरिका की मदद करने के दोषी ठहराए गए डॉ अफरीदी जेल में बंद हैं। 2012 में पाकिस्तानी अदालत ने अफरीदी को 33 साल की जेल की सजा सुनाई थी। पाकिस्तान का कहना है कि अफरीदी ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम चलाने में अमेरिकी खुफिया एजेंसी- (सीआईए) की मदद की। इसका मकसद लादेन के परिवार के डीएनए सैंपल लेना था।
बता दें कि भारत ने बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद नौ पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई कर इन्हें नेस्तनाबूद कर दिया था। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्रवाई की, जिसके खिलाफ पड़ोसी देश ने जमकर प्रोपेगेंडा किया। इसके जवाब में भारत ने 33 दलों में सर्वदलीय शिष्टमंडल भेजे, जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीती को पूरी दुनिया के सामने रखते हुए बेहद स्पष्टता के साथ कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल आतंकवाद के खिलाफ की गई संतुलित सैन्य कार्रवाई है। हालांकि, इसके बावजूद पाकिस्तानी खेमे से बिलावल, शीर्ष सैन्य अधिकारी और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर आए दिन भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं।