US Visit: अमेरिकी यात्रा पर सैन फ्रांसिस्को पहुंचे पीयूष गोयल, IPEF की मंत्रिस्तरीय बैठक में लेंगे भाग
पीयूष गोयल आठ और नौ सितंबर को लॉस एंजिल्स में हिंद-प्रशांत आर्थिक समृद्धि की रूपरेखा (आईपीईएफ) की दो दिन की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे। जिसमें अमेरिका, भारत, जापान, इंडोनेशिया और इंडो-पैसिफिक के पास स्थित मित्र देशों के मंत्रियों के बीच एक नए आर्थिक समूह की बैठक होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को छह दिवसीय अमेरिका यात्रा पर सैन फ्रांसिस्को पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान वह लॉस एंजिल्स भी जाएंगे। इस दौरान वह भारत-अमेरिका रणनीतिक भागीदारी मंच सम्मेलन और हिंद-प्रशांत आर्थिक समृद्धि की रूपरेखा (आईपीईएफ) की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे।
गोयल आठ और नौ सितंबर को लॉस एंजिल्स में हिंद-प्रशांत आर्थिक समृद्धि की रूपरेखा (आईपीईएफ) की दो दिन की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे। सैन फ्रांसिस्को में पीयूष गोयल ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पीयूष गोयल ने सैन फ्रांसिस्को में गदर स्मारक का दौरा किया।
पीयूष गोयल ने कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को में कहा कि "अगले दो दिन यहां अलग-अलग उद्योगों से जुड़ी कंपनियों के मालिकों के साथ चर्चा होगी। अमेरिका और भारत के संबंध लगातार अच्छे हो रहे हैं और दोनों देशों में अच्छा समन्वय बन रहा है। इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क की दो दिवसीय मंत्रिस्तरीय बैठक है, जिसमें अमेरिका, भारत, जापान, इंडोनेशिया और इंडो-पैसिफिक के पास स्थित मित्र देशों के मंत्रियों के बीच एक नए आर्थिक समूह की बैठक होगी।"
उन्होंने कहा कि "इंडो-पैसिफिक के पास स्थित मित्र देशों के बीच एक नया आर्थिक समूह बने, जो देश एक ही सोच रखते हैं और जो लोकतंत्र, मानवाधिकार मूल्यों और जो व्यापार पारदर्शिता के साथ करना चाहते हैं और उनके साथ संबंध अच्छे हों उस दृष्टिकोण से यह समूह बनाया जा रहा है।" गोयल ने कहा कि "पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। हमने अभी-अभी 'आजादी का अमृत महोत्सव' मनाया है। हर भारतीय के दिल में एक ही इच्छा है कि हम 'विश्व गुरु' बनें।"
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में से एक बन गया है। विश्व के नेता और विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए द्विपक्षीय समझौतों की तलाश और भारत के साथ व्यापार का विस्तार करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में क्रांतिकारी आर्थिक सुधार किए गए हैं। आर्थिक गतिविधियों की सीमाओं का विस्तार करने के लिए नया उत्साह है। भारत की विकास दर बताती है कि हम 30 वर्षों में 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।
वाणिज्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वह दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने तथा व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए यात्रा के दौरान अमेरिका के प्रमुख कारोबारियों, अधिकारियों और उद्योग जगत के शीर्ष व्यक्तियों के साथ भी मुलाकात करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि ‘‘यह यात्रा भारत को निवेश का सबसे पसंदीदा गंतव्य के रूप में पेश करने पर केंद्रित होगी।’’
गोयल आईपीईएफ की मंत्रिस्तरीय बैठक से इतर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई और अमेरिका की वाणिज्य मंत्री गिना एम रायमोंडो से भी मुलाकात करेंगे। मंत्रिस्तरीय बैठक में व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला, स्वच्छ अर्थव्यवस्था और सही तरीके से परिचालन करने वाली अर्थव्यवस्था से संबंधित चार स्तंभों पर चर्चा की जाएगी।
बयान के अनुसार, गोयल इस दौरान आईपीईएफ के सदस्यों देशों के समकक्षों के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे। आईपीईएफ के 14 सदस्य देशों में....ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, फिजी, भारत, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, न्यूजीलैंड, फिलीपीन, सिंगापुर, थाइलैंड, वियतनाम और अमेरिका शामिल हैं।